विवाहिता ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, मायके वालों ने लगाया दहेज मांगने का अारोप

11/21/2017 2:53:51 PM

फरीदाबाद(सूरजमल):दहेज लोभी ससुराल वालों से परेशान होकर जवाहर कॉलोनी में रहने वाली एक विवाहिता ने अपने घर में फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि उसने खुद आत्महत्या नहीं की। बल्कि दहेज की मांग पूरी न कर पाने पर ससुराल वालों ने फांसी के फंदे से लटका कर उसकी हत्या की है। मृतका की मां की शिकायत पर थाना सारन पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में रहने वाली आरती देवी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि उसने अपनी दूसरे नंबर की बेटी सोनी का विवाह दिसम्बर 2014 में जवाहर कॉलोनी निवासी कौशल के साथ किया था। विवाह के दौरान उसने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। लेकिन इसके बावजूद उसकी बेटी के ससुराल वाले शुरू से ही खुश नहीं थे। 

शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने कम दहेज लाने की बात को लेकर सोनी को परेशान करना शुरू कर दिया। घर बसाने के लिए सोनी सबकुछ सहन करती जा रही थी। लेकिन ससुराल वालों के अत्याचार बढ़ते जा रहे थे। परेशान होकर सोनी उसे इस बारे में बता दिया। उसने ससुराल वालों को कई बार समझाने का प्रयास किया। लेकिन उन्होंने अपना व्यवहार नहीं बदला। गतदिवस ससुराल वालों ने उसे फोन पर सूचना दी कि सोनी की तबीयत खराब है। उसने बेटी की ससुराल पहुंच कर देखा तो वह बिस्तर पर मृत हालत में पड़ी हुई थी। उसके गले में निशान बने हुए थे। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न कर पाने पर सोनी की फांसी के फंदे से लटका कर हत्या की है। पुलिस ने मृतका के पति कौशल, ससुर अशोक, देवर मनीष व राजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।