मनोनीत पार्षदों को महापौर सुमनबाला ने दिलाई शपथ

1/17/2019 12:40:13 PM

फरीदाबाद (दीपक): प्रदेश सरकार की ओर से मनोनीत तीन पार्षदों को बुधवार को महापौर सुमनबाला द्वारा शपथ दिलवाई गई। मनोनीत पार्षद सोम मल्होत्रा, दिनेश भाटिया और विजेंदर शर्मा ने बुधवार को सदन में समारोहपूर्वक कार्यक्रम में पद की शपथ ली। तीन मनोनीत पार्षदों के साथ सदन के सदस्यों की संख्या 43 पहुंच गई है।

नगर निगम में सरकार की ओर से हाल ही में सोम मल्होत्रा, दिनेश भाटिया और विजेंदर शर्मा को मनोनीत पार्षद का पद दिया गया है। बुधवार को नगर निगम सदन की विशेष बैठक बुलाई गई। इस मौके पर मौजूद केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से मनोनीत तीनों पार्षद फरीदाबाद के विकास में योगदान देंगे ताकि फरीदाबाद को अच्छा और साफ-सुथरा बनाया जा सके।

विधायक सीमा त्रिखा और मूलचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने शहर के तीन संभ्रांत और उम्दा लोगों को पार्षद मनोनीत किया। मनोनीत पार्षद सोम मल्होत्रा ने सदन में एक परिवार बनकर शहर के विकास में योगदान देने का संकल्प जताया। दिनेश भाटिया ने कहा कि शहर का विकास कराने में सबका सहयोग करेंगे। विजेंदर शर्मा ने भी शहर के विकास में पूर्ण सहयोग करने की बात कही। इस मौके पर वरिष्ठ उपमहापौर देवेंद्र चौधरी, उपमहापौर मनमोहन गर्ग, कई पार्षद, निगमायुक्त अनीता यादव, मुख्य अभियंता डीआर भास्कर, अतिरिक्त आयुक्त धीरेंद्र खडगटा, रोहताश कुमार सहित तीनों पार्षदों के समर्थक और भाजपा नेता कार्यक्रर्ता मौजूद रहे।

Deepak Paul