दहेज के लालच में विवाहिता की गला दबाकर हत्या

2/25/2016 9:15:46 PM

फरीदाबाद (सूरजमल) : दहेज की मांग पूरी न होने पर यहां के गांव सौतई में रहने वाली एक नवविवाहिता की ससुराल वालों ने गला दबा कर हत्या कर दी। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों द्वारा मृत घोषित करने पर ससुराल वाले उसे अस्पताल में छोड़ कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया है। 

जानकारी के मुताबिक गांव सोतई निवासी महेंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसने अपनी 23 वर्षीय बेटी सोनिया की शादी 21 अप्रैल, 2015 को सोलड़ा, बागपुर निवासी देवेन्द्र के साथ की थी। शादी के दौरान महेंद्र सिंह ने काफी दान दहेज देकर अपनी बेटी को विदा किया था। लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले अक्सर दहेज की मांग को लेकर सोनिया को परेशान करने लगे। पति देवेन्द्र, ससुर मंगल, सास बाला व ननद पूजा ताने देते थे। कुछ दिनों बाद ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बारे में सोनिया ने अपने परिजनों को बताया था। कई बार पंचायतें भी हुई, लेकिन ससुरालियों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। 

आरोप है कि बीती रात देवेन्द्र व उसके परिजनों ने दहेज की मांग के चलते सोनिया की गला दबाकर हत्या कर दी और उसे फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप दे दिया। बाद में मृत अवस्था में सोनिया को सेक्टर-16ए स्थित मैट्रो अस्पताल में ले आए। जहां डाक्टरों ने सोनिया को मृत घोषित दिया। इसके बाद ससुराल वाले वहां से फरार हो गए। 

मामले की जानकारी सोनिया के परिजनों को मिली तो वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, जहां सोनिया मृत पाई गई और उसके गले पर निशान थे। शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।