सीएम रैली स्थल का निरीक्षण करने गए निगम दरोगा की रहस्यमय मौत

2/20/2016 7:30:27 PM

फरीदाबाद (सूरजमल) : डबुआ सब्जी मंडी स्थित मुख्यमंत्री की रैली स्थल पर सफाई व्यवस्था करवा रहा नगर निगम एक दरोगा अचानक रहस्यमय हालत में चक्कर खाकर जमीन पर गिर गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया है। 

पुलिस के मुताबिक सेक्टर आठ स्थित सिही गांव में रहने वाला राजेन्द्र नगर निगम में सफाई दरोगा के रूप में कार्यरत था। रविवार को डबुआ सब्जी मंडी में होने वाली मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टी की रैली के लिए नगर निगम द्वारा शनिवार को वहां सफाई व्यवस्था करवाई जा रही थी। राजेन्द्र की ड्यूटी भी रैली स्थल पर लगाई थी। दोपहर को वह सफाई कर्मचारियों से काम करवा रहा था। तभी अचानक वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर गया। गिरते ही उसके सिर पर चोट लग गई। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने राजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया।

शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने पर मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।