दगाबाजों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं: चौटाला

10/31/2017 12:32:08 PM

होडल (मधुसूदन): इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा है कि अगर वह दो दिन और जेल से बाहर होते तो प्रदेश में इनेलो की सरकार बनना निश्चित था, लेकिन उन्होंने अदालत का सम्मान करते हुए बीच में ही पार्टी का प्रचार छोड़कर कानून का सम्मान करना उचित समझा। चौटाला सोमवार को बस स्टैंड स्थित एक वैंकेट हाल में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। चौटाला ने यहां कहा कि दगाबाज लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है, सच्चे और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा। 

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह अपने साथियों के साथ गावों में घर-घर जाकर पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। उन्होंने पिछली सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि किसी को रोजगार कराना कोई गुनाह नहीं होता है। अबकि बार इनेलो की सरकार बनते ही सबसे पहले वह बेरोजगारों को प्राथमिकता के साथ रोजगार उपलब्ध कराएंगे। चौटाला ने स्व. देवीलाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीब, किसान और उपेक्षित लोगों की लड़ाई लड़ी। चौटाला ने कहा कि आज बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन के लिए दर-दर की ठोकरें खानें को मजबूर हैं।

इनेलो की सरकार बनने के बाद इस सम्मान पेंशन को वह घर पहुंचाकर बुजुर्गों का सम्मान बहाल करेंगे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने चौटाला को क्षेत्र की समस्याओं से भी अवगत कराया, जिसपर उन्होंने कहा कि समय आने पर सभी समस्याओं का समाधान होगा। इनेलो का जनाधार लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण अन्य पार्टियों के कार्यकर्ता भी अब इनेलो मेंं शामिल होना चाह रहे हैं। चौटाला जाते समय प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने की बात कह पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर गए। इस मौके पर हथीन से विधायक केहरसिंह रावत, जगदीश नायर, अजीत सिंह बोबी, सुरेंद्र सौरोत, डा. किशोरसिंह, पं. ब्रज मोहन, गजेंद व निरोत्तम शर्मा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।