पानी की किल्लत पर भड़की महिलाएं, घेराव

7/17/2019 10:21:12 AM

फरीदाबाद (ब्यूरो): नगर निगम आयुक्त के तमाम प्रयासों के बाद भी सेक्टर-55 में पानी की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। जबकि ग्रीवेंस कमेटी में निगम अधिकारियों ने 15 जुलाई तक पानी पहुंचाने का दावा किया था। पिछले एक हफ्ते से पानी की समस्या से परेशान सेक्टर-55 की महिलाओं ने मंगलवार को निगम मुख्यालय पर पहुंच कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यालय में निगम कमिश्नर नहीं मिली तो महिलाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी और बैठ कर उच्च अधिकारियों का इंतजार करने लगी।

कुछ मिनट बाद चीफ इंजीनियर डीआर भास्कर आए तो महिलाओं ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और समस्याएं बताने लगी। महिलाओं ने चीफ इंजीनियर को अपने साथ सेक्टर-25 जलघर ले जाने की जिद पकड़ ली। 10 मिनट की बहस के बाद तीन महिलाएं चीफ इजीनियर को साथ लेकर उन्हीं की गाड़ी में बैठी और सीधा सेक्टर-25 जलघर पहुंची। चीफ इंजीनियर ने वहां पर महिलाओं को आश्वासन दिया जिसके बाद मामला शांत हुआ।

चीफ इंजीनियर से हुई बहस: मंगलवार को जब लोग सुबह 12 बजे निगम मुख्यालय पहुंचे तो वहां निगम कमिश्नर मौजूद नहीं थी। लोग बैठ का इंतजार करने लगे। तभी वहां पर चीफ इंजीनियर डीआर भास्कर पहुंचे और सफाई कर्मचारियों के एक कार्यक्रम में शिरकत की। जब महिलाओं को पता चला कि चीफ इंजीनियर कार्यक्रम में हैं तो महिलाएं शोर मचाते हुए कार्यक्रम स्थल के पास आ गईं और नारेबाजी करने लगी। शोर ज्यादा होता देख खुद चीफ इंजीनियर कार्यक्रम से बाहर निकल कर आए और महिलाओं की बात सुनी। महिलाओं ने चारों तरफ से उन्हें घेर लिया और पानी की मांग करने लगी। 

महिलाओं ने कहा कि जलघर में पानी चोरी हो रहा है। इसलिए आप खुद साथ चलें और वहां देखें। डीआर भास्कर ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा लेकिन महिलाएं जिद पर अड़ गई। 10 मिनट की बहस के बाद महिलाओं ने उन्हें उनकी ही गाड़ी में बैठाया और तीन महिलाएं गाड़ी में उनके साथ बैठ गई और सीधा जलघर लेकर गई।
 

Edited By

Naveen Dalal