घर में फंदे पर लटकी मिली महिला

12/3/2017 11:33:14 AM

फरीदाबाद(पंकेस):सेक्टर- 88 में रहने वाली एक महिला संदिग्ध हालत में फंदे पर लटकी मिली। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसका पति बार- बार नकदी की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करता था। मृतका ने खुद आत्महत्या नहीं की बल्कि उसके पति ने फांसी के फंदे से लटका कर उसकी हत्या की है। मृतका की मां की शिकायत पर थाना भूपानी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के गौतमपुरी में रहने वाली विनिता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहता है। उसके दूसरे नंबर की 25 वर्षीय बेटी सोनम ने अपनी मर्जी से अर्जुन नामक युवक साथ विवाह किया था। सोनम फिलहाल सेक्टर- 88 में अपने पति के साथ रह रही थी।

शादी के बाद कुछ समय तक तो सबकुछ ठीक ठाक रहा। इसके बाद अर्जुन ने नकदी की मांग को लेकर सोनम को परेशान करना शुरू कर दी। बेटी का घर बसाने के लिए उसने कई बार मांग पूरी कर दी लेकिन अर्जुन की मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। बीते दिन सोनम ने उसे फोन कर बताया कि अर्जुन नकदी की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर रहा है। उसने कहा कि वह कल रुपये उसके पास पहुंचा देगी। शाम को उसे सूचना मिली कि सोनम ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। सोनम का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि सोनम ने खुद आत्महत्या नहीं की। बल्कि अर्जुन ने फांसी के फंदे से लटका कर उसकी हत्या की है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।