तांत्रिक के चंगुल में फंसी महिला, इज्जत गई अौर पैसे भी

6/6/2017 2:17:01 PM

फरीदाबाद(सूरजमल):घर में गड़ा खजाना निकलने का झांसा देकर एक तांत्रिक ने बल्लभगढ़ की एक महिला के घर में आना जाना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी ने कुछ ही दिनों में महिला को अपने झांसे में लेकर पूजा करने के नाम पर रुपए ऐंठने शुरू कर दिए। इसके अलावा आए दिन आरोपी महिला के साथ बलात्कार भी करता रहा। आरोपी अन्य लोगों को फंसाने के लिए पीड़िता के मोबाइल फोन इस्तेमाल भी करता था। बाद में जब पीड़िता को धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उसने तांत्रिक के घर पहुंच कर विरोध जताया है। आरोप है कि तांत्रिक की पत्नी ने न केवल पीड़िता से मारपीट की बल्कि सबूत मिटाने के लिए उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस के मुताबिक बल्लभगढ़ में रहने वाली एक 32 वर्षीया एक महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहती है और शहर में दूध का व्यवसाय चलाती है। कुछ समय पहले एक महिला के माध्यम से उसकी मुलाकात सुरेश सेठ नामक तांत्रिक से हो गई थी। एक दिन सुरेश उसके घर आया। नाटकबाजी करने के बाद सुरेश ने उसे बताया कि उसके घर में खजाना गड़ा हुआ है। यदि वह चाहे तो वह पूजा पाठ कर इस खजाने का पता लगा सकता है। सुरेश पूजा करने के लिए एक लाख रुपए मांगने लगा। सुरेश के झांसे में आकर उसने पति को बताए बिना सुरेश को एक लाख रुपए दे दिए। कुछ दिनों बाद सुरेश ने उसके जेवरात गिरवी रखवा कर ढाई लाख रुपए ले लिए। 

एक दिन वह सुरेश के घर मिलने के लिए गई तो उसने चाय में नशीली दवा मिला कर उसे पिला दी। उसके नशे में होते ही सुरेश ने उसके साथ बलात्कार करना शुरू कर दिया। होश आने पर उसने विरोध जताया तो सुरेश ने बदनाम करने का डर दिखा कर उसे चुप करवा दिया। इसके बाद भी सुरेश ने झांसे में लेकर उससे एक बार डेढ़ लाख रुपए और दूसरी बार एक लाख 70 हजार रुपए ऐंठ लिए। इस दौरान सुरेश मौका मिलते ही आए दिन उसे अपनी हवस का शिकार भी बनाता रहा। एक दिन सुरेश ने उसे कहा कि उसे मथुरा से 40 करोड़ के हीरे लाने है, इसके लिए वह 3 लाख रुपए मांगने लगा। वह 3 लाख रुपए लेकर सुरेश के साथ चल पड़ी। रास्ते में सुरेश ने साजिश के तहत 3 लाख रुपए लूटवा दिए। 

इस वारदात का मामला पलवल के सदर थाने में दर्ज है। कुछ दिनों बाद सुरेश ने कुछ कागजों पर उसे जबरन हस्ताक्षर करवाए और 4 लाख रुपए का चेक भी ले लिए। सुरेश अन्य लोगों को फंसाने के लिए उसके मोबाइल फोन से संदेश भी भेजता रहता था, लेकिन बाद जब उसे संदेह हुआ तो वह विरोध जताने के लिए सुरेश के घर पहुंच गई। सुरेश की पत्नी ने उसके साथ जमकर मारपीट करते हुए सबूत मिटाने के लिए उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी तांत्रिक की तलाश शुरू कर दी है।