पुरानी तकनीक की X-ray machine से हो रही परेशानी, मरीजों को एक एक्स-रे में लग रहे 5 मिनट

3/15/2020 12:22:16 PM

फरीदाबाद (सुधीर राघव) : फरीदाबाद के बीके अस्पताल में एक महिने पहले करनाल से लाकर लगाई गई एक्स-रे मशीन अभी से हांफने लगी है। जहां पुरानी मशीन से एक एक्स-रे में 1 मिनट लगता था। वहीं नई मशीन से एक्स-रे होने में 3 से 5 मिनट लग रहे हैं। इसकी मुख्य वजह यह है कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 25 लाख आबादी वाले फरीदाबाद जिला अस्पताल को नई मशीन अपग्रेड तकनीक का डीआर सिस्टम देने की बजाय करनाल अस्पताल में रखी पुरानी सिस्टम देकर फरीदाबाद के साथ भेदभाव किया है। जबकि पुरानी मशीन दो घंटे में ही करीब 120 एक्स-रे कर देती थी।

वहीं नई मशीन से दो घंटे में महज 60 से 70 एक्स-रे ही हो पा रहे हैं। पूरे दिन भर की बात करें तो ओपीडी में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक महज 138 एक्स-रे ही हो रहे हैं। इससे बीके अस्पताल का रेडियोलॉजी विभाग भी परेशान हैं। क्यूंकि एक्स-रे के लिए वेटिंग रूम में मरीजों की इतनी लम्बी लाइन लग जाती है कि एक्स-रे के लिए हर रोज रेडियोग्राफरों से मरीज उलझ जाते हैं। कई बार दो मरीज और रेडियोग्राफरों में कहासुनी तक हो जाती है।

शनिवार को ओपीडी में एक्स-रे के लिए आए मरीजों की भीड़ देखकर पंजाब केसरी संवाददाता ने जब रेडियोग्राफर राजकुमार से भीड़ का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि एक्स-रे मशीन पुरानी तकनीक की है। जबकि एडवांस नई तकनीक की मशीन अस्पताल को मिली होती तो एक घंटे 100 एक्स-रे भी हो जाते। लेकिन एक्स-रे मशीन का सिस्टम एक्स-रे कैसेट को रीड करने में ही 3 से 5 मिनट लगा देता है। जिसके बाद ही मरीज को एक्स-रे उपलब्ध हो पाता है। ऐसे में उन्हें एक्स-रे के लिए आए लोगों की भीड़ को समझाने में समय लगता है। 

चैंजिंग रूम के अभाव में लौट जाते हैं एक्स-रे के मरीज: शनिवार को बीके अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में एक्स-रे कराने पहुंचे कई मरीज कपड़ें चैंज करने के लिए चैजिंग रूम के अभाव में बिना एक्स-रे के ही अस्पताल से रवाना हो गए। वहां एक्स-रे कराने पहुंची सैक्टर-18 निवासी सुषमा मेहता ने बताया कि एक्स-रे के समय कई महिला मरीज कड़ाई और वर्क वाली साड़ी व अन्य चीजें पहने हुई थी। जिन्हें बदलने के लिए रेडियोग्राफर ने कहा। लेकिन अस्पताल में चैंजिंग रूम और मरीजों को कपड़ों की अतिरिक्त व्यवस्था नहीं होने से महिलाएं परेशान दिखी। कई महिला मरीज अगले दिन आने की कहकर बिना एक्स-रे के लौट गई। 

Isha