कमरे के अंदर कराह रहा था छात्र, गेट तोड़कर बाहर निकाला, मौत

11/26/2015 12:56:45 PM

फरीदाबाद: धौज गांव में किराए पर रहने वाला एक युवक अपने कमरे में बुधवार सुबह बुरी तरह कराह रहा था। लोगों की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे अस्पताल में दाखिल करा दिया। जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। मृतक इसी इलाके के एक कॉलेज में बीटेक का छात्र था। उसकी मृत्यु के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक मूलरूप से बिहार के शिवान जिले का रहने वाला मौहम्मद तालिम अनवर यहां के धौज गांव में किराए का कमरा लेकर अकेला रहता था। वह इसी इलाके में स्थित एक निजी तकनीकी कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार की शाम को भी तालिम कॉलेज से छुट्टी मिलने के बाद कमरे में लौट आया था। रात को खाना खाकर वह सो गया। सुबह वह काफी देर बाद भी कमरे से बाहर नहीं निकला तो आसपास रहने वाले लोगों को संदेह हो गया।

उन्होंने वहां जाकर देखा तो तालीम के कमरे से उसकी कराहने की आवाज आ रही थी। पड़ौसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर आकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजे को तोड़ कर उसे बाहर निकाल और अस्पताल में दाखिल करवा दिया। जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।