बराला ने किया गौशाला में बने शेड का उद्घाटन

5/22/2018 10:32:59 AM

भूना(पवन): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व टोहाना के विधायक सुभाष बराला ने गांव नाढोड़ी की गौशाला में बने शेड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने प्रदेश में सुशासन की स्थापना के साथ-साथ युवाओं को उनकी योग्यता व मैरिट के आधार पर नौकरी देने का कार्य किया है। मौजूदा सरकार द्वारा मैरिट के आधार पर नौकरियां देने की पारदर्शी नीति से युवा वर्ग में सरकार के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। 

उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार के शासन में युवाओं का भविष्य पूरी तरह से सुरक्षित है। सरकार ने अपने गठन के समय ही यह संकल्प लिया था कि जो भी व्यक्ति भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है उसका स्थान जेल में है। उनकी पार्टी समाज के सभी वर्गों का विकास करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। वर्तमान सरकार ने एक वर्ष में दो लाख श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत कई करोड़ रुपए का लाभ दिया है। जबकि पूर्व सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में महज 18 हजार श्रमिकों को यह लाभ मिलता था। 

कांग्रेस पार्टी पर बोला हमला
कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि नैतिकता की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी जनता के मत का अपमान कर रही है। जिसका उदाहरण हाल की के कर्नाटक चुनाव में देखने को मिला है। कांग्रेस पार्टी ने ऐसे दल की सरकार बनवाई है जो तीसरे नंबर की पार्टी थी। ऐसा करके कांग्रेस ने जनता के साथ धोखा किया है यह बता दिया है कि इस पार्टी का विश्वास लोकतंत्र में नहीं है। हड़ताल के संदर्भ में बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है। 

विशेषकर अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी यह सरकार मुख्य धारा में लाने के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में सफाई कर्मचारियों से सरकार की बातचीत जारी है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द बातचीत के माध्यम से कोई हल निकाल लिया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुलशन हंस, राकेश कंबोज, रामचंद्र, रामकिशन, राम सिंह गोदारा, लीलू शर्मा, फकीर चंद गोदारा, डा. मांगे राम, रोहताश व रविंद्र डेलु सहित कई गण्यमान्य व्यक्ति व पंचायती राज जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 


 

Deepak Paul