"भाजपा की रैलियां पूरी तरह से फेल"

12/27/2017 3:19:28 PM

टोहाना(ब्यूरो):आज पूरे प्रदेश में भाजपा की रैलियां फेल हो रही हैं क्योंकि राज्य की जनता भाजपा के चुनावी जूमलों की सच्चाई जान चुकी है। यह शब्द इनैलो व्यापार सैल के जिला प्रधान अनिल भाटिया ने पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान कहे। इनैलो नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा मनरेगा के मजदूरों को झूठे सब्जबाग दिखाकर जाखल की जनसभा में उनका भीड़ के रूप में प्रदर्शन किया।

सुशासन व हरियाणा एक-हरियाणवी एक के दावे करने वाली भाजपा सरकार में प्रदेश का नहीं बल्कि सत्ताधारी पार्टी के कुछ नेताओं का ही विकास हुआ है। सरकार का बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा सिर्फ दीवारों पर ही लिखा दिखाई देता है। देश के अन्नदाता किसानों के हित के लिए स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग करने वाले भाजपा के नेता कपड़े उतारकर प्रदर्शन करते थे लेकिन सत्ता में आते ही किसानों को भी भूल गए। जी.एस.टी. को व्यापारियों पर थोपा गया टैक्स बताते हुए व्यापारी नेता ने कहा कि अपने आपको व्यापारियों की पार्टी कहने वाली भाजपा की सरकार ने जी.एस.टी. टैक्स लगाकर व्यापार की कमर तोड़ दी है।