व्यापारियों ने रोष प्रदर्शन कर लगाया जाम

5/23/2019 10:06:54 AM

टोहाना(पंकेस): व्यापारी की निर्मम हत्या की खबर की बात पूरे शहर में फैल गई और देखते ही देखते सुबह लगभग 7 बजे ही दुकान के पास व्यापारी इक्ट्ठा होने शुरू हो गए। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल, हरियाणा व्यापार मंडल व नेहरू मार्कीट एसोसिएशन के नेतृत्व में व्यापारियों ने रोड जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ  नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान तरसेम बंसल, शैलर एसोसिएशन व होटल एसोसिएशन ने भी इस घटना का विरोध जताते हुए व्यापारी वर्ग का समर्थन किया।

हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव जगदीश पाहवा, युवा प्रधान जोनी मेहता, कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान तरसेम बंसल, हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान नानूराम मित्तल के नेतृत्व में सैंकड़ों व्यापारियों ने अपनी अपनी दुकानें बंद रखकर रोड जाम कर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की। लगभग 2 घंटे लगे जाम के बाद व्यापारी वर्ग के सदस्य प्रदर्शन करते हुए थाना शहर पहुंचे। जहां थाने का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की।

व्यापारी वर्ग ने बताया कि पिछले 3 वर्षों में शहर में लूटपाट चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। जिसका मुख्य कारण शहर में बढ़ रहा नशे का व्यापार है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। नशे के बढ़ते व्यापार के कारण ही आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि व्यापारी वर्ग को सुरक्षा मुहैया करवाते हुए नशे के व्यापार पर शिकंजा कसा जाए। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को 2 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा अगर शुक्रवार तक पुलिस प्रशासन गंभीरता से कार्रवाई करते हुए व्यापारी वर्ग को संतुष्ट नहीं करता तो वे शनिवार को शहर बंद करने जैसे कठोर कदम उठाने पर मजबूर होंगे।

kamal