अनुबंधित कर्मी को हटाने पर भड़के कर्मचारियों ने एक्स.ई.एन. कार्यालय के समक्ष दिया धरना

6/26/2019 1:41:14 PM

टोहाना (वधवा): बिजली विभाग में अनुबंधित कर्मचारी ए आलम को बिना सूचना दिए निलंबित करने पर कर्मचारी भड़क उठे और कार्यकारी अभियंता कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। धरने प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विकास ढिल्लो अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अनुबंधित कर्मचारी सुरेश कुमार को विभाग के एस.डी.ओ. द्वारा बिना सूचना दिए निलंबित कर दिया गया है। जब तक कर्मचारी को ड्यूटी पर वापस नहीं दिया जाता उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने विभाग के खिलाफ  नारेबाजी की।

उन्होंने कहा कि अनिश्चितकालीन धरने के दौरान विभाग के किसी भी कार्य में कोई दिक्कत आती है तो विभाग खुद जिम्मेदार होगा। कर्मचारियों के प्रधान सुरेंद्र कुमार व शिबू ने बताया कि उक्त कर्मचारी को रिलीव करने के बाद 17 जून को वे विभाग के एस.डी.ओ. से मिले थे। तब उन्होंने यह बताया था कि उसने तो उच्च अधिकारी को लिख दिया है। अब कुछ भी उच्च अधिकारी ही कर सकते हैं। उस उपरांत वे 18 जून को कार्यकारी अभियंता को नोटिस दिया। 21 जून को दोबारा मिले लेकिन आज तक कोई सुनवाई न होने पर कर्मचारियों ने मजबूरन अनिश्चितकालीन धरना करने का निर्णय लिया।  इस अवसर पर प्रगट सिंह, शिव कुमार, सुरेंद्र नैन, राजरूप सिंह, राजेश कुमार, नरेंद्र, वीरभान आदि सभी कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल थे।

यह कहते हंै कार्यकारी अभियंता
कार्यकारी अभियंता जय सिंह बैनीवाल ने बताया कर्मचारी को रिलीव एस.डी.ओ. द्वारा किया गया है, जिसके आधार पर वे उच्चाधिकारियों को लिख चुके हैं। इनकी लड़ाई एस.डी.ओ. से है फि र पता नहीं क्यों उसके कार्यालय के समक्ष धरना दिए हुए हैं।

Isha