रतिया में पहुंचे CM ने लगाई परियोजनाओं की झड़ी...165 करोड़ की सौगात

8/28/2016 6:45:02 PM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट): फतेहाबाद के रतिया में बी.जे.पी. की विजय संकल्प विकास रैली में मुख्यमंत्री मनोहरलाल 22 महीने बाद पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वहां पर करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। सी.एम. ने रतिया में 165 करोड़ रूपए देने की घोषणा की। यही नहीं सी.एम. ने रैली के दौरान रखी गई सभी मांगों को पूरा किया। रैली में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त केबिनेट मंत्री कर्णदेव कंबोज, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, ओ.एस.डी. जगदीश चोपड़ा, अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरमेन सुनीता दुग्गल भी पहुंचे।

 
 
रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 3 परियोजनाओं का उद्घाटन और 2 नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद खंड के धांगड़ गांव में 15.54 करोड़ रुपए की लागत से बनी राजकीय पॉलिटेक्निक, 8 करोड़ की लागत से फतेहाबाद में बनी मल्टी लेवल पार्किंग और 3.50 करोड़ रुपए से दरियापुर में बनी फुटबाल एकेडमी का उद्घाटन किया। 
 
उन्होंने भट्टू-लुदेसर रोड पर 25 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज और 8.92 करोड़ रुपए से बनने वाले रतिया के लघु सचिवालय भवन का शिलान्यास किया। सी.एम ने बताया कि दोनों परियोजनाएं 18 माह में बनकर तैयार होंगी। जिनके बनने से आमजन की कई समस्याओं का स्थाई समाधान हो जाएगा।
 
 
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि बी.जे.पी. सरकार की नई तबादला नीति ने भी भ्रष्टाचार पर रोक लगाई है। उन्होंने कहा कि 93 प्रतिशत लोगों को मन चाही जगह मिली। मेवात में कोई अध्यापक पढ़ाना चाहता है तो उसे 10 प्रतिशत पेंशन में बढ़ोतरी होगी। विद्यार्थियो के कोशल विकास बढ़ाने के लिए फरीदाबाद में डॉ. भीमराव अम्बेडकर कौशल विकास विश्व विद्यालय बनाया जाएगा।
 
 
सी.एम. ने अपनी घोषणा में जिले को 165 करोड़ रूपए की सौगात दी। इसके अतिरिक्त रतिया हलके से चुनाव हारी सुनीता दुग्गल ने जो भी रैली के दौरान सी.एम. के आगे मांग रखी थी वो सभी पूरी हुई। सी.एम. ने कहा कि घघर नदी पर 7 करोड़ की लागत से पुल बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी ढाणियों को बिजली दी जाएगी। 3 माइनरों का 3.5 करोड़ की लागत से कार्य किया जाएगा। नागपुर गांव में नया स्कूल बनाया जाएगा। इसके अलावा रतिया में 19 सड़को का 20 करोड़ की लागत से निर्माण किया जाएगा। 40 करोड़ बाढ़ बचाव के लिए खर्च किए जाएगे और प्रदेश के 6500 गांव में ब्रॉडबैंड की कनेक्टिविटी दी जाएगी।