महिला का शव मिला, हत्या की आशंका

11/4/2017 1:01:24 PM

फतेहाबाद(ब्यूरो):भट्टूकलां के गांव सूलीखेड़ा के पास आज सुबह एक महिला का शव मिला है। महिला के गले को कुत्तों द्वारा नोचा गया है, वहीं महिला के शव के गले में रस्सी व चुन्नी बंधी मिली है, जिससे माना जा रहा है कि किसी ने महिला की हत्या कर शव को वहां फैंका है। मामले की सूचना पाकर भट्टूकलां थाना प्रभारी, फोरैंसिक लैब व सी.आई.ए. प्रभारी मौके पर पहुंच गए और शव को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मैडीकल कालेज में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

जानकारी के अनुसार सूलीखेड़ा में गेहूं के गोदाम के नजदीक आज सुबह एक 30 वर्षीय महिला का शव पड़ा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। भट्टूकलां थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार, फोरैंसिंक लैब के डॉक्टर जोगेन्द्र व सी.आई.ए. प्रभारी अनूप सिंह मौके पर पहुंच गए। महिला की गर्दन पर कुत्तों ने काटा हुआ है। वहीं पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का हो सकता है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की पहचान भी नहीं हो पाई है।