नाबालिगा से दुष्कर्म का प्रयास, मामला दर्ज

5/22/2016 3:14:57 PM

फतेहाबाद: पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गांव भिरड़ाना में अपने रिश्तेदार के घर आई एक नाबालिगा से रेप के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिरसा के गांव खुइया नेपालपुर की एक नाबालिगलड़की कुछ दिन पहले गांव भिरड़ाना में अपने रिश्तेदार के घर जगराते पर आई थी।

रात्रि करीब अढ़ाई बजे वह घर के आंगन में सो गई। इसी दौरान पंजाब से आए अन्य रिश्तेदार महेंद्र सिंह, गोरा सिंह, गोपता राम वहां पर आए और लड़की से छेड़छाड़ व जबरदस्ती करने लगे। लड़की ने शोर मचाया तो करीब ही सो रहे माता-पिता जाग गए। लड़की के परिजनों को आता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

लड़की के माता-पिता ने महिला थाना में उक्त मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बयान के आधार पर 8 पोक्सो एक्ट, 506 तथा 120बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।