प्रदेश के भाजपा नेताओं को भाया विदेश, कुछ मंत्री जा चुके, कई मंत्रियों की तैयारी

6/9/2017 5:18:01 PM

चंडीगढ़(बंसल):हरियाणा की भाजपा सरकार के विदेशी दौरों पर नजर दौड़ाएं तो यह कहा जा सकता है भाजपा मंत्रियों तथा विधायकों को विदेश भा गया है। अढ़ाई वर्षों के अंदर अधिकतर मंत्री विदेशी दौरों पर जा चुके हैं। विधायकों को खुश करने के लिए मुख्यमंत्री व मंत्रियों के साथ एक-एक करके उनका भी नंबर लगाया जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री खट्टर अढ़ाई वर्षों में अमरीका, कनाडा, चीन, ऑस्ट्रेलिया तथा हांगकांग की यात्रा कर चुके हैं। उनकी यात्रा का संदर्भ प्रदेश में निवेश था।  

वहीं वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु कई बार विभागीय योजनाओं के अध्ययन को लेकर तो कई बार निजी यात्रा पर जाते है। इस बार भी वह लंदन में अपने निजी यात्रा पर गए हुए हैं। इसके अलावा कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ भी 2 दिन पहले विदेश यात्रा पर गए है। अब प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर 17 जून को पॉलैंड जाने की तैयारी में हैं। उनके साथ भाजपा के 2 से 3 विधायक विदेश दौरे पर जाने की तैयारी में हैं। शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, खेल मंत्री अनिल विज, उद्योग मंत्री विपुल गोयल, शहरी निकाय मंत्री कविता जैन, लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री बनवारी लाल, विधानसभा स्पीकर कंवर पाल गुर्जर और डिप्टी स्पीकर संतोष यादव विदेश दौरे पर जा चुके हैं।  

पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीन बार विदेश यात्रा पर गए हैं लेकिन बताएं कि कितना निवेश आया है। खाली एम.ओ.यू. से कुछ नहीं होता। प्रदेश में एक भी नहीं नया प्रोजैक्ट नहीं आया। विदेश जाना कोई गलत बात नहीं है, लेकिन प्रदेश के जिस प्रोजैक्ट के लिए गए है, वह स्थापित भी तो होना चाहिए।

विपक्ष का काम केवल अंगुली उठाना रह गया है। मुख्यमंत्री अगर विदेश गए तो प्रदेश में निवेश भी आया है। बिना बात के आरोप लगा देना ठीक नहीं है। काफी एम.ओ.यू. सिरे चढ़ चुके हैं और जल्द ही कुछ और सिरे चढ़ जाएंगे। 
-राजीव जैन, चेयरमैन मीडिया विभाग, भाजपा