गर्भवती ने सरकारी अस्पताल के बाथरूम में दिया बच्चे को जन्म (Pics)

10/15/2016 11:47:20 AM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट): फतेहाबाद का नागरिक अस्पताल अपनी कार्यप्रणाली को लेकर हमेशा चर्चों में रहा है। सरकार प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का दम भर ले मगर स्वास्थ्य सेवाओं के हालत बद से बदतर होते जा रहे हैं। एक ऐसा ही ताजा मामला फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल का है, जहां एक गर्भवती महिला ने शुक्रवार को महिला वार्ड के टॉयलेट में एक बच्चे को जन्म दिया। 

 

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे की है। मामले की सूचना मिलते ही नागरिक अस्पताल में तैनात डॉक्टरों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में महिला और बच्चे को तुंरत वार्ड में लाया गया और उनका उपचार शुरु किया गया। प्राथमिक तौर पर जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं। 

 

बच्चे को जन्म देने वाली महिला की सास गांव माजरा निवासी ने बताया कि उसकी बहू रजनी गर्भवती थी। सुबह चार बजे अचानक उसके पेट में दर्द हो गया वह उसे लेकर फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। महिला वार्ड में तैनात स्टॉफ नर्स ने उसकी जांच की और कहा कि डिलीवरी होने में अभी समय पड़ा हैै। इसके बाद स्टाफ नर्स मरीज रजनी की फाइल तैयार करने लगी। 

 

सास ने बताया कि गर्भवती महिला रजनी का बाथरूम आने लगा। वह उसे महिला वार्ड में बने बाथरूम में लेकर गई जहां उसे प्रसव पीड़ा शुरु हो गई। देखते ही देखते उसकी कुछ देर में डिलीवरी हो गई। डिलीवरी के दौरान उसने लड़के को जन्म दिया। टॉयलेट में डिलवरी होने की बात पता चलते ही खलबली मच गई और स्वास्थ्य विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और जच्चा और बच्चा दोनों को वार्ड में ले जाया गया।