नरेंद्र मोदी बोल रहे हैं फिल्मी डायलॉग: कुलदीप बिश्नोई

8/10/2016 2:44:39 PM

फतेहाबाद (रमेश भट्ट): कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई पूर्व सी.पी.एस. दूड़ा राम के निवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और 2 दिन की हड़ताल पर बैठे एन.एच.एम. कर्मचारियों का समर्थन किया। 

 

कुलदीप बिश्नोई ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए कहा कि देश और प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है वो न केवल स्वयं गाय और गीता में उलझी हुई है बल्कि देश की जनता को भी इसमें उलझा कर रख दिया है। 

 

फिल्मी डायलॉग बोलकर प्रधानमंत्री मोदी जनता को गुमराह कर रहे हैं। आज पूरे देश में जो परिस्थितियां बनी हुई हैं, भाजपा सरकार पूरी तरह से उत्तरदायी है। देश के विभिन्न हिस्सों में आज दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं।

 

मगर भाजपा सरकार इस मसले पर केवल डायलॉगबाजी कर रही है। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों में पूरी तरह से भेदभाव की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद, सिरसा, हिसार जो पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल का गढ़ माना जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत और नीति में शुरू से ही खोट रही है। जनता से झूठे वायदे कर सत्ता में आने के बाद वायदों को भूल गई है।