स्वास्थ्य विभाग के डायरैक्टर ने किया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण

11/9/2019 10:49:43 AM

रतिया (झंडई) : स्वास्थ्य विभाग के डायरैक्टर डा. सूरजभान कम्बोज ने शुक्रवार देर सायं रतिया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ सिविल सर्जन डा. मुनीष बांसल, जिला को-आर्ड़िनेटर नरेंद्र खर्ब व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। उपरोक्त निरीक्षण को लेकर अस्पताल को मुख्य तौर पर ही रंगोली से सजाया गया था और पूरे अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा किया गया था।

डायरैक्टर ने सर्वप्रथम अस्पताल के वार्ड का निरीक्षण किया और अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर काफी प्रभावित हुए। इस दौरान उन्होंने जिला फतेहाबाद की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सिविल सर्जन के अलावा सिविल अस्पताल के निवर्तमान मुख्य चिकित्सक डा. विजय जैन, महिला चिकित्सक डा. शिल्पा गर्ग व सहयोगी चिकित्सक डा. अनुज गुप्ता आदि से विशेष समीक्षा की और शीघ्र अन्य सुविधाएं देने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए डायरैक्टर ने बताया कि हरियाणा के सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है और इसके तहत नई नियुक्तियां भी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आम व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान हों, इसके लिए समय-समय पर विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला फतेहाबाद को नशे से मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष सहयोग किया जा रहा है और विशेषकर नशे से पीड़ित युवाओं को मुख्य धारा से जोडऩे के लिए विशेष प्रयास भी किए जा रहे हैं।

उन्होंने रतिया के सिविल अस्पताल में खोले जाने वाले ओ.एस.टी. सैंटर को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि इस संदर्भ में एड्स विभाग के डायरैक्टर से विशेष बैठक हुई है और संभावित है कि आगामी 1 दिसम्बर को विश्व एड्स दिवस पर ओ.एस.टी. सैंटर की सेवाएं आरंभ कर दी जाएंगी। इस दौरान डायरैक्टर ने सिविल अस्पताल के कर्मचारियों के साथ भी विशेष वार्ता की और उनकी समस्याओं को भी सुना।

Isha