इनेलो की सरकार आने पर होगी क्षेत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना

7/16/2018 10:54:33 AM

टोहाना(विजेंद्र): इस बार बदलाव की क्रांति की बयार टोहाना से चलेगी। बदलाव की इस आंधी में राज्य की जनता के समर्थन से इनैलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी। नरवाना रोड स्थित कृष्णा स्टड फार्म में इनैलो कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए कमर कसने का आह्वान करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री इनैलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के दोहते कुनाल कर्ण ने कहा कि टोहाना हमेशा से ही परिवर्तन का गवाह रहा है। यहां की जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। युवा इनैलो नेता ने कहा कि इनैलो की सरकार आने पर पहली कलम से टोहाना को जिला बनाकर पूरे क्षेत्र के विकास की एक नई इबारत लिखी जाएगी। टोहाना को जिला बनाने बारे प्रस्ताव पार्टी हाईकमान के पास पहुंचा दिया गया है। 

वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कुनाल कर्ण ने कहा कि कितनी हास्यस्पद बात है कि राज्य के मुख्यमंत्री टोहाना में आकर क्षेत्र में 1 जुलाई से 24 घंटे बिजली देने की घोषणा करते हैं लेकिन क्षेत्र के किसान सिर्फ 8 घंटे बिजली लेने के लिए धरना दे रहे हैं। इस सरकार की कथनी और करनी में फर्क का राज्य की जनता को पता लग गया है। भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए इनैलो नेता ने कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। 

जनता आगामी चुनावों में भाजपा को उसकी वास्तविक स्थिति से अवगत करवा देगी। टोहाना से आगामी चुनावों में इनैलो उम्मीदवार बारे कुनाल कर्ण सिंह ने कहा कि पूरे क्षेत्र की जनता चाहती है कि हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता खेल रत्न अभय सिंह चौटाला टोहाना विधानसभा से ही आगामी चुनाव लड़ें। इस बारे में क्षेत्र के युवाओं का एक दल जल्द ही चौ. अभय सिंह चौटाला से मिलकर उनसे टोहाना से चुनाव लडऩे का आग्रह भी करेगा। 

युवा इनैलो नेता ने कहा कि इनैलो की सरकार आने पर टोहाना उन्नति के नए सोपान तय करेगा। शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े टोहाना में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विश्वविद्यालय की स्थापना कर वर्षों से चले आ रहे शिक्षा के पिछड़ेपन को समाप्त किया जाएगा। कृष्णा स्टड फार्म पर सिधानी, साधनवास, चांदपुरा, मूंदलिया के दर्जनों ग्रामीण बिजली समस्या का निदान होने पर युवा इनैलो नेता से मिले। इस अवसर पर गुरचरण सिंह अमानी, राजपाल सैनी, महाराज कन्हड़ी, विकास नैन, नरेश नैन, प्रदीप, कुलदीप सिंह, गुरजंट, मिंटू, सुनहरा, जंगसेर, चांदपुरा नंबरदार रूप सिंह, पूर्व पंच नफे सिंह व पाला राम सहित इनैलो कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।
 

 

Rakhi Yadav