सुषमा नहीं भूलीं अपना वादा, अनोखे अंदाज में ट्वीट कर जीता दिल

7/27/2016 3:03:31 PM

नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपने काम को लेकर हमेशा सजग और गंभीर रहते हैं। वे अपने किए वायदों को कभी भूलती नहीं हैं। सुषमा अगर किसी से काम पूरा करने का वायदा करने का आश्वासन देती हैं को उसको पूरा करके दिखाती भी हैं। कुछ दिन पहले ही हरियाणा के फतेहाबाद में एक विदेशी बहू को सुसराल में प्रवेश दिलाने के लिए सुषमा आगे आई थी। अब उस विदेशी बहू का वीजा खत्म होने वाला है। इस बारे में पता चलने पर सुषमा एक बार फिर उसकी मदद के लिए खुद आगे आईं।

उन्होंने हरियाणवी भाषा में ट्वीट किया, ''बऊ का वीज़ा बढ़ाने खातिर अर्ज़ी दाखिल कर दी हो तो मन्ने कॉपी दे दयो।'' ट्वीट से साफ है कि सुषमा इस विदेशी युवती को पति और उसके परिवार के साथ भारत में रहने के लिए वीजा दिलवाने में मदद करेंगी। बता दें कि हरियाणवी छोरे टीनू को फेसबुक पर कजाखस्तान की लड़की से प्यार हो गया। जाहना शादी के लिए हिंदुस्तान भी आ गई। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की, लेकिन लड़की के वीजा खत्म होने में मात्र 22 दिन रह गए थे जब उन्होंने सुषमा स्वराज के आगे बहू का वीजा अवधि बढ़ाने की गुहार लगाई थी।

टीनू औऱ जाहना का प्यार फेसबुक पर 8 माह चला था। उसके बाद जाहना और टीनू ने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का निश्चय किया। 2 जून को ही दोनों ने शादी कर ली। जाहना भारत आ तो गईं लेकिन उनकी सास उन्हें अपनाने को तैयार नहीं थीं। इस बात का पता चलने पर सुषमा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर टीनू के परिवार से बहू को अपना लेने का आग्रह किया था। इसके बाद जाहना को टीनू के परिवार में एंट्री मिल गई। जाहना कानून में डिप्लोमा होल्डर हैं और 6 भाषाओं की जानकार भी हैं। वह पर्यटक वीजा लेकर भारत शादी करने आई थीं। भारत आने और शादी के बाद जाहना ने भारतीय जीवनशैली को ही अपना लिया है। दिनचर्या से लेकर कपड़ों तक अब वह यहीं के माहौल में ढल रही हैं।