संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई लड़की का शव नहर में मिला

7/11/2018 10:15:15 AM

रतिया(झंडई) : शहर के फतेहाबाद रोड पर नहर किनारे स्थित वार्ड नंबर 14 से देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई एक नाबालिग लड़की का शव  मंगलवार देर सायं रत्ताखेड़ा माइनर में पाया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 14 निवासी एक नाबालिग लड़की देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों में गुम हो गई थी। लड़की के पिता सुलतान सिंह ने पुलिस को बताया था कि उसकी लड़की अन्य बच्चों के साथ नहर के पास खेल रही थी तो देर सायं को अन्य बच्चे तो वापस आ गए लेकिन उसकी लड़की वापस नहीं आई। सुलतान ने बताया कि इसकी पहले ही सूचना उन्होंने पुलिस को भी दी थी। 

उन्होंने बताया कि वह लड़की को तलाश ही रहे थे तो मंगलवार सायं को किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी गई एक लड़की का शव माइनर में फंसा हुआ है। लड़की का शव नहर में होने की जानकारी मिलने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। लड़की की पहचान रामनगर से गुम हुई लड़की सुखविन्द्र कौर के तौर पर हुई। 

पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया व मृतक नाबालिग लड़की के पिता के बयानों पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। शहरी चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी व शव को नहर से निकलवाकर लड़की के परिजनों को मौके पर बुलाकर शिनाख्त करवाई गई थी। उन्होंने बताया कि उनकी लड़की का गत रात्रि नहर के किनारे खेलते हुए पैर फिसल गया था। उन्होंने बताया कि मृतक लड़की के पिता के बयानों पर 174 की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

Deepak Paul