चोरों ने दुकान में लगाई सेंध, व्यापारी वर्ग भड़का, शटर गिराकर नारेबाजी कर लगाया जाम (VIDEO)

3/23/2019 11:34:02 AM

टोहाना (वधवा): रेलवे रोड स्थित मेन बाजार में देर रात्रि चोरों द्वारा एक जनरल स्टोर की दुकान से लगभग 60,000 रुपए नकदी व सामान चुराकर फरार हो गए। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की शाखा प्रधान राजेंद्र ठकराल के नेतृत्व में व्यापार मंडल के  दर्जनों व्यापारी वहां पहुंचे और पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। इस दौरान सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिराकर रोड जाम कर दिया व प्रशासन के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की। लगभग एक घंटा लगे जाम को डी.एस.पी. ने मौके पर पहुंचकर उनकी समस्या को गंभीरता से सुना और समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रशासन द्वारा एक सप्ताह का समय दिए जाने के बाद ही व्यापारियों ने जाम हटाया।

कैसे हुई चोरी की घटना
दुकानदार विकास ने बताया कि सुबह लगभग 9 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर खोलने के बाद देखा नए नोटों के हार व नकदी गायब थी। तब उसने दुकान की तीसरी मंजिल पर जाकर देखा तो खिड़की की ग्रिल भी उखड़ी हुई थी। जांच पड़ताल करने के बाद पता चला कि दुकान के पास में अन्य दुकान का निर्माण कार्य चल रहा है। अज्ञात चोर उस दुकान में बनी सीढ़ी के माध्यम से तीसरी मंजिल पर पहुंचे और दुकान के ऊपर बने बाथरूम की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर दुकान में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। खिड़की के पास आरी के 3-4 ब्लेड भी पाए गए हैं। एच.सी. राजेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

क्या कहते हैं व्यापारी नेता
जब इस बारे हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव जगदीश पाहवा, शाखा प्रधान राजेंद्र ठकराल व राजेंद्र बल्ली ने बताया कि पिछले दिनों शहर में अनेक चोरियां हो चुकी हैं लेकिन पुलिस एक भी चोरी का सुराग नहीं लगा पाई है। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के प्रति रोष जताते हुए कहा कि इन चोरियों का कारण शहर में बढ़ रहे नशे का व्यापार भी हो सकता है। नशेड़ी युवक ही ऐसी घटनाओं को अंजाम देने के लिए प्रयासरत रहते हैं, पुलिस प्रशासन को नशे के प्रति ठोस कदम उठाते हुए शहर में हो रहे नशे के व्यापार पर रोक लगानी चाहिए।

उन्होंने बताया कुछ दिन पूर्व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की विशेष बैठक बुलाई गई थी जिसमें शहर में हो रही चोरी की घटनाओं पर रोष व्यक्त किया गया था तथा पुलिस प्रशासन से भी मिले थे। पुलिस ने उन्हें चोरियों का सुराग लगाने का आश्वासन दिया था लेकिन विभाग के अनेक कर्मचारियों की बदली होने के कारण चोरों का सुराग लगाने का कार्य बीच में ही रुक गया। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अतिशीघ्र चोरियों का सुराग लगाया जाना चाहिए वरना व्यापारी वर्ग कोई बड़ा कदम उठाने पर मजबूर होगा। 

Deepak Paul