हम मंदिर मस्जिद की नहीं, शिक्षा की राजनीति करते हैं : केजरीवाल

10/31/2018 10:13:16 AM

फतेहाबाद/हांसी(ब्यूरो/विमल): देश के राजनीतिक दल कोई मस्जिद के नाम पर तो कोई मंदिर के नाम पर वोट मांग रहे हैं लेकिन हम तो शिक्षा के नाम पर वोट मांगने आए हैं। यह बात दिल्ली के मुख्यमंत्री आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भट्टूमंडी में कही। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हरियाणा के मुकाबले स्कूलों की हालत कहीं बेहतर है। 

वहां के सरकारी स्कूल हरियाणा के प्राइवेट स्कूलों को मात देकर आगे निकल रहे हैं। इसलिए हरियाणा की जनता को दिल्ली के स्कूलों को देखकर सबक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से वे हरियाणा के स्कूलों में हालत देखने के लिए कई गांवों का दौरा कर चुके हैं। यहां पर स्कूलों की हालत वास्तव में ही बहुत जर्जर है। 3 साल पहले दिल्ली के सरकारी स्कूलों की हालत हरियाणा के स्कूलों की तरह ही थी। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद वहां के स्कूलों की तसवीर ही बदल दी। 

वहीं, हांसी हलके के गांव चानौत में पार्टी द्वारा आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 70 साल बनाम 3 साल के दौरान हुए विकास कार्यों का नारा बुलंद किया। उन्होंने शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा को उनके बयान पर कि केजरीवाल की दुकान में सब कुछ समाप्त हो गया है कहा कि शिक्षा मंत्री स्कूलों को दुकान बताते हैं यह बड़े शर्म की बात है। केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली के स्कूल एवं अस्पताल अब देश में माडल बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा महंगी बिजली दिल्ली में थी लेकिन आज सबसे सस्ती है। 

उन्होंने कहा कि इनैलो जाट के नाम पर तो भाजपा नॉन जाट के नाम पर वोट मांगती है। केजरीवाल ने कहा कि आज हरियाणा में चारों तरफ आंदोलन चले हुए और हरियाणा में रोडवेज के कर्मचारी करीब 13 दिनों से हड़ताल पर हैं। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयङ्क्षहद ने कहा कि आज हरियाणा में जिस प्रकार का माहौल बना हुआ है। वह हम सभी के समक्ष है केजरीवाल के दौरे की सूचना पर ही यहां का प्रशासन व सरकार जागी है, जबकि अभी तो प्रदेश भर में ऐसा होना है। 

Rakhi Yadav