गैंगरेप मामला: महिला थानाध्यक्ष बिमला देवी ‘लाइन हाजिर’

11/24/2015 1:08:13 PM

फतेहाबाद: जिला पुलिस कप्तान ने महिला थानाध्यक्ष बिमला देवी को लाइन हाजिर कर दिया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व गांव ढिंगसरा में सिरसा से आई एक महिला ने गैंगरेप की शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें ब्लैकमेलिंग कर 60 लाख रुपए में एन.आर.आई. से समझौता हुआ था। सूत्र बताते हैं कि गैंगरेप मामले के तार एस.एच.ओ. के लाइन हाजिर करने के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि महिला थानाध्यक्ष को उनकी स्वेच्छा से लाइन हाजिर किया गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला थानाध्यक्ष बिमला देवी को लाइन हाजिर किया गया है। बताया जाता है कि ढिंगसरा गैंगरेप में 60 लाख रुपए की बरामदगी मामले में उनकी भूमिका सवालिया घेरे में है। इस मामले में कुछ अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध है, जिस पर पुलिस के उच्चाधिकारियों की निगाहें हैं। सूत्र बताते हैं कि महिला थानाध्यक्ष बिमला देवी का लाइन हाजिर और 60 लाख का मसला दोनों आपस में जुड़े हुए हैं।

क्या था भट्टू गैंगरेप समझौता मामला
लगभग सात दिन पूर्व गांव ढिंगसरा में किसी धार्मिक आयोजन पर आई सिरसा की एक महिला ने कुछ लोगों पर गाड़ी में लिफ्ट देकर गैंगरेप की शिकायत महिला थाने में दर्ज करवाई थी। बाद में इस मामले में नया मोड़ उस समय आ गया, जब ब्लैकमेलिंग के मामले में उक्त महिला व उसके साथियों को 60 लाख रुपए की नगद राशि के साथ काबू किया था। सूत्र बताते हैं कि पुलिस द्वारा आरोपियों को दोपहर में ही पकड़ लिया गया था और मामला आलाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद दर्ज हुआ।

इसी मामले को लेकर पुलिस के आलाधिकारी उक्त मामले में तहकीकात कर रहे हैं। देखना यह होगा कि इस मामले में कौन-कौन से लोगों की भूमिका संदिग्ध देखने को मिलती है। इस पूरे मामले को लेकर बाजार में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। ‘जब इस मामले को लेकर जिला पुलिस कप्तान संगीता कालिया से मोबाइल पर बातचीत करनी चाही तो उन्होंने अपना फोन डी.एस.पी. शमशेर सिंह दहिया को डायवर्ट कर दिया। डी.एस.पी. शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि महिला थानाध्यक्ष अपनी मर्जी से छुट्टी पर गई हैं। उन्हें लाइन हाजिर नहीं किया गया।’