फर्जी कागज तैयार कर प्लॉट हथियाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

2/23/2020 12:39:34 PM

गुडग़ांव (ब्यूरो) : फर्जी आदमी, मोहर और कागजात तैयार प्लॉट अपने नाम कराकर उसे बेचने के मामले में सुशांतलोक थाना पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने उनके दो और साथियों को दबोच लिया। उनकी पहचान फरीदाबाद निवासी धर्म सिंह और हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी सुरेश कुमार के रुप में की गई है।

सुरेश कुमार मौजूदा समय में फरीदाबाद में रहता है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ठगी के मामले में पुलिस ने बीते दिनों फरीदाबाद की रहने वाली विभा, गुडग़ांव के लक्ष्मण विहार निवासी राजेंद्र उर्फ राजू और दिल्ली के पटेल नगर निवासी लक्की उप्पल को गिरफ्तार किया था। इनके पास से पुलिस ने दस लाख रुपए कैश, फर्जी अलॉटमेंट लेटर, कई फर्जी मोहर बरामद किया था। ये दिल्ली व गुडग़ांव में करोड़ों की ठगी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।

यहां आपको बता दें कि अनूप सिंह नाम के व्यक्ति ने सुशांतलोक थाना मेे शिकायत दी थी। अनूप सिंह ने शिकायत में बताया था कि किसी ने इनके नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर इनके जगह किसी और को खड़ा कर प्लॉट किसी दूसरे के नाम कर दिया है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने पकड़े गए सुरेश और धर्म सिंह को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। 

Isha