4 आई.ए.एस. अधिकारियों के स्थानांतरण व नियुक्ति आदेश जारी

2/7/2018 11:44:39 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा सरकार ने आज तुरंत प्रभाव से 4 आई.ए.एस. अधिकारियों के स्थानांतरण व नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार धीरा खंडेलवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव, पर्यावरण को स्कूल शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया है। इसके अलावा वे अपने पूर्ववर्ती कला व सांस्कृतिक मामले विभाग, अभिलेखागार व पुरातत्व व संग्रहालय विभाग का कार्यभार देखती रहेंगी।

देवेंद्र सिंह, प्रधान सचिव, हरियाणा इलेक्ट्रानिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी विभाग व नागरिक उड्डयन विभाग को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा पर्यावरण विभाग, प्रशासनिक सुधार विभाग के प्रधान सचिव व हरियाणा शासन सुधार प्राधिकरण के सदस्य सचिव का कार्यभार भी सौंपा है। विवेक जोशी, प्रधान सचिव, सैनिक व अद्र्धसैनिक कल्याण विभाग, कमिश्नर अंबाला मंडल, अम्बाला, मुख्य प्रशासक, हरियाणा व्यापार मेला प्राधिकरण, चीफ रैजीडेंट कमिश्नर, हरियाणा भवन, नई दिल्ली को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा प्रधान सचिव, निगरानी व समन्वय विभाग का कार्य भी देखेंगे। इससे पूर्व यह विभाग टी.सी.गुप्ता के पास था।

राजा शेखर वुंड्रू, प्रबंध निदेशक, हरियाणा राज्य औद्योगिक आधारभूत अवसंरचना विकास निगम और प्रबन्ध निदेशक, वित्त निगम को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा महिला व बाल विकास विभाग के प्रधान सचिव का कार्यभार भी सौंपा है। इससे पूर्व यह विभाग विवेक जोशी के पास था।