नौ वर्षीय कथावाचक अभिनव अरोड़ा की मोदी से अनोखी गुहार, प्रधानमंत्री ने दी प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Thursday, May 23, 2024 - 10:05 PM (IST)

: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने नौ वर्षीय बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा ने अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की गुहार लगाई। नई दिल्ली में आयोजित इस रैली में मोदी भाजपा प्रत्याशियों लिए लोकसभा चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इस मौके पर प्रधानमन्त्री मोदी ने अभिनव की मांग का अनोखे तरीके से जवाब भी दिया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर अभिनव के हाथों में तख्ती लिए फोटो को शेयर करते हुए आश्वस्त किया कि भाजपा पार्टी इस मुद्दे पर जल्द विचार करने जा रही है। 

 

ज्ञात हो कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय में मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद मामले में दायर याचिका पर बहस लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड तथा हिंदू पक्ष की दलील सुनने के बाद न्यायालय किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुँचा है। इसी मुद्दे को लेकर अभिनव ने प्रधानमंत्री से जल्द से जल्द मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया को शुरू करने की गुहार लगाई। धोती कुर्ता धारण किए अभिनव ने हाथों में तख्ती लेकर अपनी मांग को प्रधानमंत्री के सामने रखा। 

 

इसके अलावा अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर भी अभिनव देश के वरिष्ठ नेताओं और संतों से मिलकर मथुरा में मंदिर निर्माण की प्रक्रिया को जल्द शुरू करने को लेकर अपनी मांग रखते नजर आते हैं। अभिनव अरोड़ा सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर लोगों के बीच काफी प्रसिद्ध हैं, वो रील के माध्यम से अपनी कृष्ण भक्ति को उनके समक्ष साझा करते हैं। अभिनव जाने-माने बेस्टसेलर लेखक़ तरुण राज अरोड़ा के पुत्र हैं। 

 

उल्लेखनीय है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उसके प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद कृष्ण भक्तों में मथुरा जन्म भूमि पर मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाया जाने लगा है। अपने दूसरे कार्यकाल में सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी की सरकार ने भव्य राम मंदिर बनाने का अपना वादा पूरा किया। मुगल शासक औरंगज़ेब द्वारा सदियों पूर्व कृष्ण जन्मभूमि पर बने मंदिर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। 

 

इस रैली में अभिनव ने प्रधानमंत्री मोदी से मथुरा की गरिमा लौटाने का निवेदन किया। उनकी तख्ती पर मंदिर निर्माण को लेकर कई स्लोगन लिखे हुए थे। एक तख्ती पर लिखा था- पूरी हुई अयोध्या की चाह, कृष्ण की मथुरा देखे राह। इसी तस्वीर को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। आए दिन अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद वहां धार्मिक पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है। आध्यात्मिक दृष्टिकोण के अलावा मंदिर के निर्माण होने से वहां की और व्यवस्थाएं सुदृढ़ हुई है। मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के बाद यहां के भक्त भी वैसी ही अपेक्षा कर रहे हैं। 

 

केवल 9 वर्ष की उम्र में अभिनव अरोड़ा मथुरा में मंदिर निर्माण के इस मुहिम को अपने स्तर से आगे बढ़ा रहे हैं। अभिनव चाहते हैं कि न्यायालय के आदेश की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए और निर्धारित जगह पर मंदिर निर्माण शुरू किया जाए। अभिनव हर महीने कृष्ण की नगरी मथुरा और वृंदावन जाते रहते हैं और कृष्ण भक्तों से मुलाकात करते हैं। देखने वाली बात है नई सरकार गठन के बाद सरकार इस भक्त की मांग कब पूरी करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static