आचार्य प्रवीन चौहान को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान
punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 06:21 PM (IST)
गुड़गांव ब्यूराे : शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा प्रख्यात सेलिब्रिटी वैदिक ज्योतिषाचार्य आचार्य प्रवीन चौहान को उनके उत्कृष्ट एवं शोधपरक कार्य के लिए डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएच.डी.) की उपाधि प्रदान की गई। उन्होंने मनोविज्ञान विषय के अंतर्गत “पूर्णिमा का एंग्जायटी एवं डिप्रेशन पर प्रभाव” विषय पर अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह शोध कार्य विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रोफेसर डॉ. गणेश भारद्वाज के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आचार्य प्रवीन चौहान ने अपने शोध निष्कर्ष साझा करते हुए बताया कि ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन, भावनाओं एवं विचारों का प्रमुख कारक माना गया है। चंद्रमा मानव की संवेदनशीलता तथा मानसिक अवस्था को प्रभावित करता है। उनके अनुसार पूर्णिमा के समय भावनाएँ अपने चरम पर होती हैं तथा चंद्रमा के विभिन्न चरणों का व्यक्ति की भावनात्मक स्थिति एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ता है, जिससे एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी समस्याएँ प्रभावित होती हैं।
आचार्य प्रवीन चौहान एक प्रसिद्ध वैदिक ज्योतिषाचार्य हैं। वे देश के अनेक प्रमुख राजनेताओं, उद्योगपतियों तथा बॉलीवुड जगत के प्रतिष्ठित कलाकारों को ज्योतिषीय परामर्श प्रदान करते हैं। इसके साथ ही वे देश के कई प्रतिष्ठित हिंदी एवं अंग्रेज़ी दैनिक समाचार पत्रों और पत्रिकाओं में नियमित स्तंभकार के रूप में भी सक्रिय हैं।
पीएच.डी. की उपाधि प्रदान किए जाने के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) जयानंद, प्रो. अनुज गोयल, पीएच.डी. कोऑर्डिनेटर सहित अनेक शिक्षाविद् उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने आचार्य प्रवीन चौहान को इस उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रदान कीं।