पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो थाने में खुद को लगाई आग (Video)

9/2/2015 12:50:38 PM

गुडग़ांव (रीतेश) : साइबर सिटी के सदर थाना में मंगलवार की सुबह एक महिला ने खुद को आग के हवाले करके जान देने की कोशिश की। महिला ने खुद पर केरोसिन ऑयल छिडक़ कर आग लगा ली। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने आग का गोला बनी महिला को देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन फानन में पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई और उसे सिविल अस्पताल ले गए। बताया जाता है कि महिला 70 प्रतिशत तक झुलस गई है। 

सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक इलाज करने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रैफर कर दिया। एसीपी क्राइम राजेश कुमार ने बताया कि महिला मूलरूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। उसने दो साल पहले बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दीपक से शादी की थी। उसके दो बच्चे भी हैंं। इसका पति कुछ दिन पहले ही इसे छोडक़र बिहार चला गया। महिला ने बयान दिया है कि उसकी कल दीपक से काफी देर तक बात हुई थी। 

एसीपी क्राइम राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महिला के बयान के अनुसार सोमवार की रात भी उसने अपने पति से काफी देर तक बात की थी और उसे वापस लौट आने को कहा। दीपक ने अंजू को बताया कि वह वापस नहीं आएगा और तुम्हें दूसरी शादी करनी है तो कर लो। दूसरे दिन यानि मंगलवार को अंजू फरियाद लेकर सदर थाना पहुंची थी। बताया जाता है कि वह अपने साथ केरोसिन ऑयल भी लेकर गई थी। सदर थाने में तैनात पुलिसकर्मी अभी कुछ समझ पाते, तब तक महिला ने केरोसिन ऑयल अपने शरीर पर उड़ेल दिया और आग लगा ली। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब पुलिसकर्मी निकले तो देखा कि महिला जल रही है। उन्हाेंने तत्काल आग पर काबू पाया और उसे सिविल अस्पताल ले गए।

उधर, जब आलाधिकारियों को घटना की खबर हुई तो उनमें हडक़म्प मच गया और आनन फानन में वे मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। महिला के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।