आज मनाई जाएगी ईद उल जुहा

9/24/2015 9:33:45 PM

गुडग़ांव, (अशोक): मुस्लिम समुदाय के कुर्बानी का प्रतीक पर्व ईद उल जुहा यानि कि बकरीद आज शुक्रवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। इस पर्व को लेकर समुदाय के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। वीरवार को पर्व मनाने के लिए लोगों ने खूब खरीददारी की। सिवाईं व सूखे मेवों की दुकानों पर खरीददारों का तातां लगा हुआ था।

बकरीद को कुर्बानी का पर्व माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सोहना चौक स्थित जामा मस्जिद के पास विभिन्न प्रजातियों के बकरों की मंडी भी लगी हुई थी। जिसमें मेवात व अन्य क्षेत्रों से पशु पालक अपने बकरों की बिक्री करने के लिए आए थे। बकरे खरीदने आए लोग भाव तोल करते दिखाई दिए। पशु पालक बदरुद्दीन व कमरद्दीन का कहना है कि बकरों को तैयार करने के लिए जहां बड़ी मेहनत करनी पड़ती है, वहीं उनकी खुराक पर भी काफी खर्च किया जाता है। तभी वह कुर्बानी देने के लायक बन पाते हैं। उनका कहना है कि महंगाई की मार बकरों पर भी पड़ती दिखाई दे रही है। खरीददार गत वर्ष की अपेक्षा कम ही आ रहे हैं। बकरे की सेहत के मुताबिक ही उसकी कीमत तय की जाती है। 
पशु पालकों ने अपने बकरों को सजाया हुआ था। इस मंडी में बकरों की कीमत 10 हजार से शुरु होकर 30‐40 हजार तक देखी गई। जामा मस्जिद के इमाम जान मोहम्मद ने बताया कि ईद उल जुहा पर्व पर विशेष नमाज अता करने का आयोजन भी आज प्रात: किया गया है। नमाज में शामिल होने वाले नमाजियोंं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उनकी संख्या को देखते हुए मस्जिद के बाहर ग्राउण्ड में भी नमाज अता करने की व्यवस्था कर दी गई है। इसी प्रकार शहर के अन्य स्थानोंं पालम विहार, डीएलएफ, सेक्टर 56 तथा आस पास के लगते गांव चकरपुर, नाथूपुर, बजीराबाद, सराय अलावर्दी आदि में भी नमाजियोंं के नमाज अता करने की व्यवस्था की गई है।