अमन चैन की मांगी दुआएं, गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद

9/25/2015 11:47:44 PM

गुडग़ांव, (अशोक): मुस्लिम समुदाय का पर्व ईद उल जुहा यानि कि बकरीद शुक्रवार को साइबर सिटी व आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। शहर की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अता कर विश्व में अमन चैन व तरक्की की दुआ मांगी और सभी ने एक दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। 

नन्हे मुन्नों बच्चों ने भी एक दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक कहा। गत दिवस मक्का में हुए हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए खुदा से दुआ की गई। सोहना चौक स्थित जामा मस्जिद व राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ईदगाह मस्जिद, सरायअलावर्दी, सेक्टर 56, बजीराबाद सहित अनेक स्थानों पर समुदाय के लोगों द्वारा नमाज अता की गई। सोहना चौक स्थित जामा मस्जिद के इमाम जान मोहम्मद ने बताया कि ईद उल जुहा अल्लाह की राह में कुर्बानी का त्यौहार है। इसमें कुर्बानी के रुप में ज्यादातर बकरों की कुर्बानी दी जाती है। कहा जाता है कि एक रोज अल्लाह ताला ने हजरत इब्राहिम का इम्तेहान लेने के लिए उन्हें ख्वाब देखा कि उन्हें उनकी राह में अपनी सबसे प्यारी चीज कुर्बान कर देनी चाहिए। कहा जाता है कि हजरत इब्राहिम इस ख्वाब को लेकर उलझन में पड़ गए, क्योंकि उनकी सबसे प्यारी चीज उनका बेटा था। हजरत ने जब अल्लाह के हुक्म की बात अपने बेटे को बताई तो वह न केवल अपनी कुर्बानी के लिए राजी हो गया, अपितु उसने अपने अब्बा हुजूर से यह भी कहा कि वह कुर्बानी के वक्त अपनी आंखों पर पट्टी बांध लें। कहीं ऐसा न हो कि मोह में वह उसकी गर्दन पर छुरी न चला सके। कहा जाता है कि हजरत इ्रब्राहिम ने ऐसा ही किया। उन्होंने बेटे की गर्दन पर छुरी चलाई। जब उन्होंने अपनी आंखें खोली तो बेटे की जगह एक बकरा लेटा हुआ था। तभी से बकरीद का त्यौहार मनाया जाता है। शुक्रवार की प्रात: से ही मस्जिदों में नमाजियों का आना शुरु हो गया था। हजारों की संख्या में नमाजियों ने नमाज अता की। 
बाजारों में भी दिखाई दी रौनक 
इस पर्व पर शहर के सदर बाजार सहित एमजी रोड स्थित शॉपिंग मॉल्स में भी में अच्छी खासी रौनक दिखाई दी। लोगों ने अपनी जरुरत के हिसाब से खरीददारी भी की।  दुकानदारों ने अपनी दुकानें खूब सजाई हुई थी। दुकानदारों का कहना है कि महंगाई की बजह से पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष की ईद पर दुकानदारी कम हुई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
 जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा की दृष्टि से कई जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए गुडग़ांव में यातायात को डायवर्ट कर दिया गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ईदगाह पर भी हजारों की संख्या में नमाजियों ने नमाज अता की। ईदगाह वाली साईट पर बनी सर्विस लेन पर नमाजियों ने नमाज अता की। दूसरी साईड की सर्विस लेन पर यातायात यथावत चलता रहा। वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। यहां पर  भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो।