फंदे से लटकता मिला सैल्स मैनेजर का शव

8/17/2019 11:20:37 AM

गुडग़ांव  (ब्यूरो): शहर के बजघेड़ा थाना एरिया अंतर्गत न्यू पालम विहार कॉलोनी में एक बीस साल के व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान मूलरूप से यूपी के जौनपुर जिला निवासी शिवा तिवारी के रुप में की गई है।

पुलिस के अनुसार शिवा तिवारी एक कंपनी में बतौर सैल्स मैनेजर कार्य कर रहे थे और यहां किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि महज तीन दिन पहले ही शिवा ने न्यू पालम विहार इलाके में किराये पर कमरा लिया था। वीरवार सुबह उनके घर के लोगों ने बात करने के लिए कई बार फोन किया। संपर्क नहीं होने पर कंपनी के एरिया मैनेजर को फोन किया। उन्होंने भी कई बार संपर्क करने का प्रयास किया। संपर्क नहीं होने पर दो कर्मचारियों को उनके कमरे पर भेजा। दोनों ने देखा कि कमरे में वह पंखे से लटके हुए हैं। इसके बाद परिजनों से लेकर पुलिस को सूचना दी गई। 

परिजनों के आने के बाद शाम को कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि कमरा पूरी तरह अंदर से बंद था। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। परिजनों ने भी किसी के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। कंपनी के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
 

Isha