ईमेल-पासवर्ड हैककर ट्रांसफर किए 1.14 करोड़

11/4/2017 1:23:57 PM

गुड़गांव(ब्यूरो):साइबर सिटी स्थित एक कंपनी के पूर्व कर्मचारियों पर ही धोखाधड़ी कर कंपनी का 1.14 करोड़ रूपए दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगा है। आरोप यह भी है कि आरोपियों ने फ्लैट भी खरीदा। इस मामले में कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर सेक्टर-40 थाना पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा द्वारा की गई जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने केस फाइल किया है। जानकारी के अनुसार शहर के सेक्टर-40 एरिया में ओरियल फाइनेंशियल सॉल्युशन प्रा.लि. नाम की एक कंपनी है। बताया जाता है कि इस कंपनी में संजय तिवारी, शरद आहूजा, अमित कुमार, महेंद्र सिंह, दीपक सिंह और सुधीर मिश्र काम करते थे। हालांकि मामला काफी पुराना है। 

आरोप है कि उक्त लोगों ने कंपनी का ईमेल आईडी और पासवर्ड हैक कर लिया और फिर धोखे से कंपनी का करीब 1.14 करोड़ रूपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। कंपनी के मैनेजर दर्शन ढींगरा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि कंपनी को जब ईमेल व पासवर्ड हैक की जानकारी हुई तो इसकी गोपनीय जांच की गई। जांच में पाया गया कि ईमेल और पासवर्ड हैक कर कंपनी के करीब 1.14 करोड़ रूपए दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। फिलहाल कंपनी मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने उक्त सभी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। 

वहीं दूसरी ओर गोल्फ कोर्स रोड सेक्टर-54 में रहने वाली एक महिला के खाते से किसी ने 90 हजार रूपए निकाल लिए। महिला की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला स्वाति ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि किसी ने उनके खाते से 90 हजार रूपए निकाल लिए। रकम निकालने का जब मैसेज मोबाइल पर आया तो इसकी जानकारी उन्हें हुई।