हरियाणा सरकार ने 3 IAS अधिकारी बदले

1/2/2018 3:50:55 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी):हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से 3 आई.ए.एस. अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। सैनिक एवं अर्द्धसैनिक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव, अम्बाला मंडल के आयुक्त और हरियाणा ट्रेड फेयर प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक तथा हरियाणा भवन, नई दिल्ली मुख्य आवास आयुक्त विवेक जोशी को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रधान सचिव का कार्यभार सौंपा है। नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रही जी. अनुपमा को फरीदाबाद मंडल का आयुक्त लगाया गया है। 

गुरुग्राम मैट्रोपोलिटिन विकास प्राधिकरण, गुरुग्राम के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नगर निगम, गुरुग्राम के आयुक्त वी. उमाशंकर को गुरुग्राम मैट्रोपोलिटिन विकास प्राधिकरण, गुरुग्राम का मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाया गया है तथा नगर निगम, गुरुग्राम के आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। हरियाणा सरकार ने श्रम विभाग के श्रम आयुक्त एवं सचिव तथा आपूर्ति एवं निपटान विभाग के महानिदेशक पंकज अग्रवाल को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा कार्मिक, प्रशिक्षण, सतर्कता एवं संसदीय कार्य विभागों के सचिव तथा निदेशक प्रशिक्षण (पदेन) का कार्य सौंपा है।