वृद्ध का एटीएम कार्ड बदलकर निकाले एक लाख

10/23/2016 2:28:56 PM

गुड़गांव: साइबर सिटी में शातिर ठगों का गिरोह लगातार वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा दी है। गिरोह के सदस्य एटीएम और बैंकों के इर्द-गिर्द सक्रिय रहते हैं और मौका पाकर शिकार तलाश लेते हैं। उनकी नजर में अधिकतर वृद्ध, अनपढ़ लोग और महिलाएं रहती हैं। पुलिस की लाख कोशिश के बाद इन गिरोहों पर शिकंजा नहीं कस पा हैं। शातिर ठगों के गिरोह ने एक वृद्ध को निशाना बनाते हुए उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और कुछ ही देर में वृद्ध के खाते से एक लाख रुपए निकाल लिए। इसकी जानकारी जब वृद्ध को हुई तो उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में पीड़ित वृद्ध ने इसकी शिकायत सेक्टर-18 थाने में दी, जहां पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी एएसआई नवीन ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

 
जानकारी के अनुसार सुखराली सेक्टर-17 सी निवासी रणदेव नंदलाल मर्चेंट नेवी में काम करते थे। वे शुक्रवार को सुखराली स्थित एक बैंक में जाकर ई बिलिंग करा रहे थे। इस दौरान बैंक में खड़े कुछ युवक ई बिलिंग कराते वृद्ध पर नजर जमाए खड़े थे और उन्होंने पिन कोड भी देख लिया। पुलिस के अनुसार अज्ञात युवकों ने वृद्ध का एटीएम कार्ड बदलकर वहां अपना कार्ड रख दिया। युवकों ने शातिराना तरीके से कुछ ही मिनटों में वृद्ध के खाते से 1 लाख रुपए निकाल लिए। जब वृद्ध के मोबाइल पर इसका मैसेज आया तो वह परेशान हो गया। उसने तत्काल इसकी शिकायत सेक्टर-18 थाने में दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।