घर में सो रही महिला को अगवा कर किया गैंगरेप (Pics)

8/22/2016 4:00:13 PM

गुड़गांव (अनिल मनचंदा): दिल्ली से सटे साईबर सिटी गुड़गांव में अपने मायके आई एक 20 वर्षीय शादीशुदा महिला को अगवा कर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। वारदात गत रात की है। 

 

दरअसल रविवार देर शाम एक व्यक्ति ने बादशाहपुर थाने में शिकायत दी कि शनिवार रात उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती थी और वो रात में ड्यूटी पर गया था। इसीलिए उसकी 20 वर्षीय बेटी अपने घर पर अकेली थी लेकिन रात में करीब साढ़े 11 बजे तीन युवक आए और उसके अगवा करके ले गए। 

 

शिकायत में बताया गया कि तीनों आरोपी महिला को अरावली की पहाड़ियों में ले गए और सुबह लगभग 8 बजे उसे छोड़ा। जैसे-तैसे महिला अपने घर पहुंची और आपबीती सुनाई। पीड़ित महिला अपनी मां की तबीयत खराब होने की वजह से अपने मायके आई हुई है। घटना सकतपुर गांव की है।

 

पुलिस के मुताबिक महिला के साथ गैंगरेप करने वाले तीनों आरोपी मेवात के तावडू गांव के रहने वाले हैं और महिला की शादी भी तावड़ू गांव में हुई है। इसीलिए महिला तीनों आरोपियों को पहचानती है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बादशाहपुर थाने में अपहरण, गैंगरेप और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।