अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई को तैयार निगम, चलाएगा वृहद अभियान

5/24/2019 11:28:24 AM

गुडग़ांव(ब्यूरो): शहर में धड़ल्ले से चल रहे अवैध निर्माणों पर नगर निगम शीघ्र कार्रवाई का वृहद अभियान चलाएगा। निगम की इंजीनियरिंग विंग व इन्फोर्समेंट टीम ने करीब 400 अवैध निर्माणों की लिस्ट तैयार कर ली है। इन सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ नोटिस भेज दिए गए हैं।

नगर निगम सूत्रों के हवाले जानकारी मिली कि चालू मई माह के अंतिम सप्ताह में ही अवैध निर्माणों को सील करने व तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की जा सकती है। शहर में  बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण कराए जा रहे हैं। बिल्डिंग निर्माण से पहले नगर निगम से बिल्डिग प्लान पास करवाना जरुरी होता है लेकिन नियमों की अवहेलना कर बिना नक्शा पास कराए निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। 

धड़ल्ले से हो रहा बहुमंजिला इमारतों का निर्माण
शहर के दर्जनों इलाकों में धड़ल्ले से बहुमंजिला इमारतों का अवैध रुप से निर्माण कराया जा रहा है। बिना नक्शा पास कराए रिहायशी इलाकों में कॉमर्शियल इमारतें भी बनवाई जा रहीं हैं। देखते ही देखते बहुमंजिला इमारतें खड़ी हो रही हैं। शहर के राजेन्द्रा पार्क, सूरत नगर, लक्ष्माण विहार पालम विहार, भीमगढख़ेड़ी, बसई, खांडसा आदि इलाकों में अवैध रुप से जहां निर्माण कराए जा रहे हैं वहीं कालोनियां भी काटी जा रही हैं।

पूरे गुडग़ांव में बिना नक्शा पास कराए हजारों निर्माण कराए जा रहे हैं। जागरुक लोगों का कहना है कि शहर में जो भी अवैध निर्माण हुए हैं वे नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही और अनदेखी के कारण हुए हैं। शहर में एक तरफ जहां नगर निगम के अधिकारी अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी कार्रवाई बंद रखते हैं। मिलीभगत के कारण अवैध निर्माणों को होने दिया जाता है। वहीं दूसरी तरफ संरक्षण कराए गए इन अवैध निर्मार्णों को तोडऩे का अभियान भी चलाया जाता है। 

kamal