लापरवाही बर्दास्त नही, मानसून पूर्व ड्रेनेज तैयारियों पर जोर : सीईओ जीएमडीए
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 07:46 PM (IST)
गुडगांव, (ब्यूरो): शहरी अवसंरचना को मजबूत करने व मानसून तैयारी को बेहतर बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाते हुए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत सेक्टर सड़कों के समग्र रखरखाव के लिए अनेक समर्पित टीमों के गठन के निर्देश जारी किए।
इससे पूर्व, जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने शनिवार को विभिन्न सेक्टर सड़कों का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया व चल रहे रखरखाव कार्यों, स्वच्छता की स्थिति व शहर में ड्रेनेज तैयारियों की समीक्षा की। प्रत्येक टीम एक समर्पित व्हाट्सऐप समूह के माध्यम से कार्य करेगी, जिससे रियल-टाइम समन्वय, निर्बाध रिपोर्टिंग व प्रभावी फील्ड निगरानी सुनिश्चित की जा सके। मुख्य कार्यकारीअधिकारी स्वयं इन समूहों के माध्यम से कार्यों की प्रगति की सीधी निगरानी करेंगे। सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कई प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की है। सिल्ट (गाद) हटाना, निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सी एंड डी) अपशिष्ट का निस्तारण, खुले या क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत/कवरिंग व परित्यक्त कर्ब स्टोन व ढीले निर्माण सामग्री को हटाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, जंगली पेड़-पोधे हटाने, बागवानी अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण तथा ग्रीन बेल्ट के समुचित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया है, ताकि कार्यात्मकता के साथ-साथ शहर की सौंदर्यात्मकता में भी सुधार हो। जीएमडीए सख्त निगरानी व जवाबदेही सुनिश्चित कर रहे हैं। जिससे सेक्टर सड़कें सुरक्षित, स्वच्छ व मानसून के लिए पूर्णतः तैयार रहें। इसे लेकर प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा व दृश्यता बढ़ाने संबंधी जर्सी, बैरियर, पेंटिग आदि के निर्देश जारी किए गए हैं।
वर्जन-
‘’समर्पित टीमें व रियल-टाइम निगरानी से कार्यान्वयन की दक्षता, ड्रेनेज प्रबंधन व शहर के समग्र रखरखाव में उल्लेखनीय सुधार होगा। नियमित निरीक्षण किए जाएंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” पी.सी. मीणा सीईओ जीएमडीए