दस मीटर एयर पिस्टल में ओलंपियन मनु भाकर को शीर्ष स्थान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 03:40 PM (IST)

गुड़गांव,ब्यूरो: ओलंपियन मनु भाकर ने डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में सम्पन्न हुए नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स टी3 (ग्रुप ए) के 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग के फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। ट्रायल-2 की विजेता सैन्यम दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि ईशा सिंह ने आठ शूटरों के फाइनल में तीसरा स्थान प्राप्त किया। मनु भाकर फाइनल में आखिरी क्वालिफायर के रूप में पहुंची थीं, लेकिन दूसरे सीरीज के बाद उन्होंने बढ़त बना ली और अंत तक उसे बरकरार रखते हुए 246.1 के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

 

यह स्कोर वर्ल्ड कप फाइनल की रजत पदक विजेता सैन्यम (241.9) से 4.2 अंक अधिक था। वहीं, एशियन चैंपियनशिप की स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता ईशा सिंह 220.6 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। एशियन गेम्स चैंपियन पलक गुलिया 200.2 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहीं। अंजलि चौधरी (179.8) पांचवें, सुरभि राव 158.2 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रही। प्रांजलि प्रशांत धुमाल और मुस्कान ने क्रमशः 138.7 और 117.0 के स्कोर के साथ शीर्ष आठ में अपनी जगह बनाई।

 

राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी अब 11 से 21 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले कोचिंग कैंप में हिस्सा लेंगे। पुरुषों के 50 मीटर राइफल प्रोन 628.3 स्कोर के साथ ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर पहले, 622.6 के स्कोर के साथ नीरज कुमार दूसरे, 622.2 स्कोर के साथ गोल्डी गुर्जर तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में 50 मीटर राइफल प्रोन में 628.3 स्कोर के साथ सिफत कौर समरा ने पहला, 627.0 स्कोर के साथ आकृति दहिया ने दूसरा तथा 626.6 अंकों के साथ मनीनी कौशिक ने तीसरा स्थान हासिल किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static