जिले की विभिन्न मंडियों में अब तक 21,000 मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की आवक

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 07:49 PM (IST)

नूंह, (ब्यूरो): जिले में हाल ही में हुई अधिक बरसात के कारण गेहूं की फसल में नमी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। ज्योति ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक मशीनरी एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा, इसलिए वे जल्दबाजी में गेहूं मंडी में लाने से बचें। यदि खरीद एजेंसियों द्वारा गेहूं में निर्धारित सीमा से अधिक नमी पाई जाती है तो इससे किसानों और खरीद एजेंसियों दोनों को कठिनाई हो सकती है। अतिरिक्त उपायुक्त ने किसानों से आग्रह किया कि वे थोड़ा समय लेकर अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं, जिससे गेहूं की गुणवत्ता बनी रहे और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

 

आढ़तियों को भी दिए आवश्यक निर्देश

अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने आढ़तियों से भी अपील करते हुए कहा कि मंडियों में उपलब्ध मशीनरी जैसे झरना, पंखे आदि का उचित उपयोग किया जाए, ताकि गेहूं में नमी की मात्रा निर्धारित मानकों के भीतर लाई जा सके और किसानों को लाभ मिल सके।

 

जिले में 21 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की आवक

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिले की प्रमुख मंडियां नूंह एवं पुन्हाना हैं, जिनका उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया है। अब तक जिले में 21,000 मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत यानी करीब 10,000 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद वेयरहाउस एवं हैफेड जैसी खरीद एजेंसियों द्वारा की जा चुकी है।

 

 बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण व्यवस्था सुचारू

किसानों के लिए गेट पास एवं बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिले में एमएसपी पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले 90 प्रतिशत से अधिक किसानों का सफलतापूर्वक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जा चुका है, जो प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।

 

लस्टर लॉस मामले को मुख्यालय भेजा गया

गेहूं में लस्टर लॉस से संबंधित मुद्दे को भी मुख्यालय के संज्ञान में भेज दिया गया है, ताकि किसानों के हित में आवश्यक निर्णय लिया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static