बेसहारा जानवरों से लोगों को नहीं मिल रही निजात, आए दिन हो रहे हादसे

10/26/2020 11:04:57 AM

नूंह (ब्यूरो) : जिले की मुख्य सड़कों पर घूम रहे बेसहारा जानवरों से जिले के लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। मुख्य चौक चौराहों व हाईवे पर जमघट लगाकर बैठने वाले इन जानवरों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। गत माह में भी इनके कारण अलग-अलग स्थानों पर सात दुर्घटनाएं घटित हुईं। गनीमत रही कि इनमें किसी की जान नहीं गई। बेसहारा पशुओं के लिए सरकार ने संरक्षण देने की बात तो कही थी, लेकिन अभी तक इसपर अमल नहीं हुआ। वर्तमान में सड़कों पर घूम रहे पशु लाचार ही नहीं बल्कि बीमार भी हैं।

क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि अधिकारी इस समस्या पर बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि ध्यान दें तो काफी पशुओं को संरक्षण मिल जाएगा। बता दें कि रा'य सरकार ने वर्ष 2015 में हरियाणा प्रदेश में खास पशुओं को सरंक्षण एवं उन्हें संवर्धन देने के लिए कानून बनाया था। कानून बनने के शुरुआत में लगा था कि बेसहारा पशुओं को अब संरक्षण के लिए उचित स्थान मिल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

गोसेवा आयोग ने सड़कों पर बेसहारा घूमते जानवरों के लिए कैटल फ्री अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के शुरुआत में काफी पशुओं को पकड़ा गया और उन्हें संरक्षण दिया गया, लेकिन वर्तमान में इस अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारियों की कोई दिलचस्पी नहीं है। यदि अभियान चले तो काफी पशुओं को रहने का सही ठिकाना मिल जाएगा।

Manisha rana