चोरों के हौसले बुलंद, दो घरों में धावा

10/26/2017 5:48:43 PM

गुडग़ांव(ब्यूरो): साइबर सिटी में चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। ये चोर पहले रैकी कर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शहर में लगातार बढ़ रही चोरियों से लोग में खौफ है। चोरों के गिरोह ने ईस्ट गुडग़ांव में दो घरों में लाखों के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घरों में और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पहला मामला सेक्टर-50 थाना क्षेत्र का है। यहां चोरों ने एक घर में घुसकर करीब डेढ़ लाख रुपए की नगदी और लाखों के जेवरात चुरा लिए। 

जानकारी के अनुसार देश दीपक साउथ सिटी-1 में रहते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि 23 अक्तूबर की रात कुछ लोग दीवार फांदकर घर में घुस गए। पीड़ित के अनुसार चोरों ने आलमारी में रखे 1.5 लाख की नगदी और लाखों के जेवरात चुरा लिए। इसके बाद वे फरार हो गए। घटना की जानकारी परिवार वालों को सुबह हुई। जब लोगों ने कमरे का सामान अस्त व्यस्त और आलमारी टूटी देखी तो दंग रह गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। बाद में देश दीपक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। 
 

दूसरा मामला सेक्टर-53 थाना क्षेत्र का है। नेपाल निवासी गंगा बहादुर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि वजीराबाद स्थित घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए और आलमारी को तोड़कर लाखों के जेवरात और 20 हजार रुपए पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।