शहर में जगह-जगह लगे हैं मलबे के ढेर

8/2/2021 8:26:45 PM

गुडग़ांव (कृष्ण कुमार): शहर में जगह-जगह लगे मलबे के ढेरों से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की सामान्य सदन की बैठक में निगम पार्षदों ने इस मुद्दे को लेकर निगम अधिकारियों से जवाब भी मांगा था, इस पर अधिकारियों ने दो दिन में शहर से मलबा उठाने के बात कही थी, लेकिन निगम पार्षदों के हंगामा करने के बाद भी निगम अधिकारियों के कानों तक जूं तक नहीं रेंगी है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगर निगम में अधिकारी किस ढूलमुल रवैये से कार्य कर रहे हैंं।

बतादें कि साइबर सिटी में सीएंडडी वेस्ट (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) यानी मलबे का उठान नहीं हो पा रहा है। इस कारण शहरवासियों को भारी परेशानियों का तो सामना करना पड़ ही रहा है साथ में अरावली की पहाडिय़ों में लोग अवैध रूप से डालकर हरियाली को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। शहरवासियों की तरफ से बार-बार शिकायत के बाद भी लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। शनिवार को हुई सदन की बैठक में भी निगम  पार्षदों ने मलबे का उठान नहीं होने से नाराजगी जाहिर की थी और निगम अधिकारियों से जवाब भी मांगा था कि मलबे का उठान क्यों नहीं हो रहा है। इस पर निगमायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने पार्षदों से कहा कि इसको लेकर वह जिस कंपनी को यह कार्य दिया हुआ है, उनके साथ बैठक उनकी समस्या को सुना जाएगा और उसे दूर भी किया जाएगा। उन्होंने कंपनी के साथ सोमवार को बैठक कर इस पर जल्द कार्य शुरू करवाने की बात कही थी। लेकिन सोमवार को भी निगमायुक्त ने कंपनी के साथ कोई बैठक नहीं की। बता दें कि शहर में जगह-जगह लगे मलबे के ढेरों को उठाने के लिए नग निगम ने दो एजेंसियों को कार्य दिया हुआ है। निगम ने इन एजेंसियों को शहर में जगह-जगह लगे मलबे के ढेरों को उठाकर सीएंडडी प्लांट तक पहुंचाने की जिम्मेवारी दी थी, हालांकि कंपनी ने अपने कार्य निर्वहन करते हुए गत वर्ष शहर में मलबे के ढेरों को समाप्त कर दिया था, लेकिन किसी कारणवस निगम अधिकारियों ने एजेंसी के कार्य पर रोक लगा दी थी, इस कारण कंपनी ने करीब छह माह से ज्यादा समय से शहर से खुले में पड़े मलबे को उठाना बंद कर दिया है। ऐसे में अब शहरवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
 

Content Editor

Gaurav Tiwari