ज्वेलरी शॉप से 37 किलो चांदी के गहने ले गए चोर

punjabkesari.in Saturday, Nov 20, 2021 - 08:36 PM (IST)

गुडग़ांव (ब्यूरो): बादशाहपुर क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप की छत का जाल काटकर करीब 37 किलो चांदी व 25 ग्राम सोने के गहने चोरी करने का मामला सामने आया है। 3 चोरों ने करीब 15 मिनट में वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सभी गहने एक बोरी में भरे और कंधे पर रखकर ले गए। पूरा घटनाक्रम शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। बादशाहपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बादशाहपुर निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उनकी मेन बाजार बादशाहपुर में एसएम ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी शॉप है। इस पर वह ज्यादातर चांदी के गहनों का ही कार्य करते हैं। 18 नवंबर को वह व दुकान पर ज्वेलरी बनाने वाला कारीगर रोजाना की तरह रात को शॉप बंद कर चले गए थे। 19 नवंबर की सुबह जब वापस आए और शोरूम खोला तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पाया कि छत पर लगे जाल का ताला टूटा हुआ है। सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो पाया कि सुबह करीब चार बजे तीन चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। करीब 15 मिनट की सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि चोरों ने शॉप में रखे गहनों को डिब्बे से निकालकर एक बोरी में भर लिया। दुकान में रखे पर्स से रुपए भी निकाले। सारे गहने बोरी में भरने के बाद उसे कंधे पर रखकर वह फरार हो गए। नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि चोर उनकी दुकान से करीब 37 किलो चांदी के गहने व 25 ग्राम सोने के गहने चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static