हम कुर्सी पर बैठने नहीं आए, हम  देश की तस्वीर और तकदीर बदलने आए: नड्डा

4/14/2022 10:00:32 PM


गुड़गांव, गौरव: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बाबा भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि बाबा साहब को याद करना हमारी जिम्मेदारी है। जो खुबसूरत भारत देख रहे हैं, वो बाबा साहब के लिखे संविधान और उनके समाज सुधार के कार्य के कारण हैं। बाबा साहब ने महिला सशक्तिकरण के लिए भी अनेक काम किए। बाबा साहब ने कहा कि महिला सशक्त तो समाज सशक्त।
नड्डा आज अंबेडकर जयंती पर गुरुग्राम में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे। यहां अंबेडकर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहब कश्मीर को लेकर कभी भी 370 धारा नहीं चाहते थे। लेकिन जैसे ही वे लाॅ मिनिस्टर की कुर्सी से हटे।  कांग्रेस ने 370 लगा दी। लेकिन मोदी जी ने 370 हटाकर बाबा साहब की ही ईच्छा पूरी की है।
नड्डा ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की पीठ थपथपाते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि भाजपा हरियाणा ने एक शानदार कार्यालय शुरू की है। यह कार्यालय भाजपा को वैचारिक मजबूती भी देगा। नड्डा ने कहा कि कार्यालय हमें संस्कार देता है। उन्होंने गुरु कमल कार्यालय को संस्कार का केंद्र भी बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि  इस कार्यालय ने आगामी 25 सालों की धारा तय कर दी है। कार्यकर्ता कार्यालय को पूंजी समझे।
नड्डा ने कहा कि पार्टी ने पूरे देश में 512 कार्यालय बनाने का फैसला लिया है, जिसमें से 215 बन चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा में आगामी 8 माह में सभी जिलों में पार्टी कार्यालय बन जाएंगे।
उन्होंने सरकार के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि देश का सबसे बड़ा केंसर सेंटर झज्जर में हैं। हरियाणा में 19 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि योजना से जोड़ा गया।
उन्होंने कहा कि किसानों को कुछ लोगों ने भड़काया, लेकिन सच यह है कि नरेंद्र मोदीजी की सरकार ने किसानों के लिए जो किया, वो किसी भी सरकार ने नहीं किया। एक करोड़ 75 लाख किसानों को ई:नाम योजना से जोड़ा।
नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने 11 करोड़ इज्जत घर (शौचालय ) बनवाएं। इनका निर्माण कर सरकार ने महिलाओं को इज्जत से जीने का माहौल दिया। हरियाणा में 6 लाख शौचालय बने हैं।  नड्डा ने  राजनीति में परिवारवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अब ना नेशनल रह गई और पार्टी रह गई है। यह दो भाई बहनों की पार्टी रह गई है।

Content Editor

Gaurav Tiwari