महिला से जेठ ने किया रेप, पति हुआ गहने लेकर फरार

8/25/2021 10:19:42 PM

गुडग़ांव, (ब्यूरो): सेक्टर-9ए थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपने जेठ पर रेप करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करते हैं। पिछले कुछ दिनों उसका पति घर से गहने लेकर फरार हो गया। पीडिता ने शक जताया कि उसका ससुराल पक्ष उसके पति की दूसरी शादी कराना चाहता है। सेक्टर-9 ए थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी चक्करपुर एरिया में हुई थी। उसका दो साल का बेटा है। उसका अपने ससुराल वालों से विवाद चल रहा है। दहेज को लेकर ससुराल के लोग उसे मारते पीटते हैं। पीडिता ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों उसके जेठ नीरज ने उसके साथ रेप किया। जब उसने शोर मचाया तो जेठ उसे धक्का देकर कमरे में बंद कर फरार हो गया। उसकी सास सुमरती देवी, ससुर भीम सिंह ने उसके साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति संदीप पिछले दिनों घर से फरार हो गया। जाते हुए वह उसके गहनों समेत बेटे के लिए बनवाया गया सोने का लॉकेट भी साथ ले गया। इस बारे में उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के लिए सास-ससुर को भी बुलवाया, लेकिन उसकी सास ने थाने में ही उन्हें धमकी दी  कि वह अपने बेटे की दूसरी शादी करा देंगी। ऐसे में उन्हें यह भी शक है कि उनके ससुराल पक्ष के लोग उसके पति संदीप की दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस को शिकायत के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने मामले की शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग को दी। महिला आयोग से शिकायत गुरुग्राम पहुंचने के बाद एसीपी ने जांच के उपरांत सेक्टर-9ए थाने में केस दर्ज कराया है। हैरत की बात यह है कि शिकायत में पीड़िता ने रेप होने की बात कही है, लेकिन पुलिस ने मामले में रेप से संबंधित धाराओं को नहीं जोडा है।
 

Content Editor

Gaurav Tiwari