आरक्षण के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को रोकना ठीक नहीं :चन्द्रमोहन

2/13/2016 3:29:31 PM

पंचकूला, (उमंग श्योराण) : हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री और हजकां नेता चन्द्रमोहन ने पंचकूला स्थित अपने निवास स्थान में हरियाणा में चल रहे जाट आरक्षण आंदोलन पर कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को रोकना ठीक नहीं है। अपने हक़ मांगने के कई और तरीके भी होते हैं। 

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं है। सरकार के कार्य को जनता आने वाले चुनावों में तोलेगी। हरियाणा में विकास कार्य नहीं हुए हैं। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनावों में किया कोई वायदा पूरा नहीं किया। 

पंचकूला की हालत पर चंद्रमोहन ने कहा कि यह शहर चौधरी भजन लाल ने अपने हाथों से बनाया था। इसे उनका हरियाणा का पेरिस बनाने का सपना था। अगर उन्हें मौका मिला तो वह चौधरी भजन लाल का सपना पूरा करेंगे। आज पंचकूला की हालत खस्ता होती जा रही है। 

हरियाणा में होने वाले नगर निगम चुनाव पर कहा कि अभी तक पार्टी की कोई मीटिंग हुई नहीं है, इस का उचित उत्तर हजकां पार्टी के प्रधान कुलदीप विश्नोई दे सकते हैं। उन्होंने हरियाणा में चल रहे जाट आरक्षण आंदोलन पर कहा कि अपनी मांगों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को रोकना ठीक नहीं है। हक़ मांगने के कई और तरीके भी होते हैं।